भारत
Circuit House परिसर में नमाज पढ़ने पर इस पार्टी के नेता पर FIR, विधायक के चाचा निकले
jantaserishta.com
5 Sept 2026 1:00 PM IST

x
जांच में जुटी पुलिस.
मुरादाबाद: मुरादाबाद के मझोला थाना क्षेत्र स्थित सरकारी सर्किट हाउस परिसर में नमाज पढ़ने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला तूल पकड़ गया है. वीडियो में समाजवादी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष हाजी मोहम्मद उस्मान सर्किट हाउस के ग्राउंड में अपनी गाड़ी के पीछे खड़े होकर नमाज अदा करते नजर आ रहे हैं. मामले में PWD विभाग के सर्किट हाउस प्रभारी अवर अभियंता अनित कुमार की तहरीर पर पुलिस ने हाजी मोहम्मद उस्मान के खिलाफ BNS की धारा 285 और 292 के तहत नामजद मुकदमा दर्ज किया है.
पुलिस ने FIR दर्ज करने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है. बताया जा रहा है कि पूरा मामला 3 सितंबर का है. उस दिन विधान परिषद में नेता प्रतिपक्ष लाल बिहारी यादव मुरादाबाद के सर्किट हाउस पहुंचे थे, जहां उन्होंने पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक की थी. इसी दौरान सपा के जिला उपाध्यक्ष और बिलारी विधानसभा क्षेत्र से सपा विधायक हाजी मोहम्मद फहीम के चचा हाजी मोहम्मद उस्मान भी सर्किट हाउस पहुंचे.
आरोप है कि हाजी मोहम्मद उस्मान ने सरकारी सर्किट हाउस परिसर के ग्राउंड में अपनी गाड़ी खड़ी कराई और उसके पीछे खड़े होकर नमाज पढ़ी. इस दौरान नमाज पढ़ते हुए उनका वीडियो भी बनाया गया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया. वायरल वीडियो को लेकर विवाद बढ़ने के बाद इसे फेसबुक से हटाए जाने की बात भी सामने आई है. हालांकि, पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है कि वीडियो किसने बनाया, किसके माध्यम से सोशल मीडिया पर अपलोड किया गया और सरकारी परिसर में नमाज पढ़ने की परिस्थितियां क्या थीं.
हाजी मोहम्मद उस्मान समाजवादी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष हैं और अक्सर अपने बयानों को लेकर चर्चा में रहते हैं. विधानसभा चुनाव से पहले सरकारी परिसर में नमाज पढ़ने का यह मामला अब राजनीतिक चर्चा का विषय भी बन गया है. फिलहाल मझोला पुलिस ने PWD की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है. पुलिस का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
Tagsसर्किट हाउस परिसरसर्किट हाउस परिसर में नमाजहाजी मोहम्मद उस्मानCircuit House ComplexNamaz in Circuit House ComplexHaji Mohammad Usman
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





