भारत

गंगा का रौद्र रूप, तटबंध टूटा, हनुमान मंदिर समेत 5 घर नदी में समाए

jantaserishta.com
11 Oct 2026 12:25 AM IST
भागलपुर। बिहार के भागलपुर जिले में गंगा नदी के तेज कटाव ने भारी तबाही मचाई है। खरीक प्रखंड के राघोपुर-काजीकोरैया तटबंध का बड़ा हिस्सा ध्वस्त हो गया। शुक्रवार शाम शुरू हुए कटाव के कारण हनुमान मंदिर और पांच मकान देखते ही देखते गंगा नदी में समा गए। इस घटना के बाद राघोपुर और शंकरपुर समेत आसपास के गांवों में दहशत फैल गई। लोग अपने घरों से जरूरी सामान निकालकर सुरक्षित स्थानों की ओर जाने लगे।
जानकारी के अनुसार, ब्रह्म बाबा स्थान से हनुमान मंदिर तक करीब 150 से 300 मीटर क्षेत्र में स्थित रेलवे टैगिंग बांध तेज कटाव के कारण टूट गया। गंगा नदी का जलस्तर घटने के दौरान किनारों पर कटाव बढ़ गया था। देखते ही देखते नदी ने मंदिर और आसपास के मकानों को अपनी चपेट में ले लिया।
पांच परिवारों के मकान गंगा में समाए
कटाव की इस घटना में पूर्व जिला पार्षद प्रेमशीला देवी, उदय मंडल, पुतुल मंडल, मिथिलेश क्रांति और अनिल मंडल के मकान पूरी तरह नदी में समा गए। हनुमान मंदिर भी तेज कटाव की चपेट में आकर ध्वस्त हो गया। घटना के बाद आसपास रहने वाले लोगों में भय का माहौल है।
मौके पर पहुंचे पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी
घटना की जानकारी मिलते ही नवगछिया के पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा, अनुमंडल पदाधिकारी परीक्षित और जल संसाधन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों में लोगों को सुरक्षित स्थानों पर जाने के निर्देश दिए। माइकिंग के जरिए ग्रामीणों से नदी के असुरक्षित किनारों से दूर रहने की अपील की गई।
40 से 45 फीट गहराई में कटाव
जल संसाधन विभाग के मुख्य अभियंता जयप्रकाश पासवान के अनुसार, नदी में अंडर माइनिंग के कारण कटाव की स्थिति बनी। प्रभावित स्थान पर नदी की गहराई करीब 40 से 45 फीट है। नाव के जरिए जियो बैग डालकर कटाव रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन तेज कटाव के सामने यह प्रयास प्रभावी नहीं हो सका।
मंत्री के इस्तीफे की मांग उठी
तटबंध टूटने के बाद स्थानीय स्तर पर राजनीतिक विवाद भी शुरू हो गया है। बताया गया कि चार सितंबर को सरपंच प्रमोद मंडल ने कटावरोधी कार्यों की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए आमरण अनशन किया था। उस समय मंत्री ई. कुमार शैलेंद्र ने बांध टूटने की स्थिति में इस्तीफा देने का आश्वासन दिया था। अब पूर्व जिला पार्षद विजय मंडल और सरपंच प्रमोद मंडल ने उन्हें कथित वादा याद दिलाते हुए इस्तीफे की मांग की है। फिलहाल प्रशासन प्रभावित क्षेत्र की निगरानी कर रहा है। ग्रामीणों को सतर्क रहने और नदी किनारे नहीं जाने की सलाह दी गई है।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story