भारत

प्रेमिका को मोबाइल दिलाना पड़ा भारी, पिटाई से आहत युवक ने खाया जहर, इलाज के दौरान मौत

SHIDDHANT
28 Jun 2026 12:17 AM IST
प्रेमिका को मोबाइल दिलाना पड़ा भारी, पिटाई से आहत युवक ने खाया जहर, इलाज के दौरान मौत
x
पुलिस जांच
Barely बरेली। उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में प्रेम प्रसंग से जुड़ा एक दर्दनाक मामला सामने आया है, जहां 21 वर्षीय युवक ने कथित मारपीट और मानसिक प्रताड़ना से आहत होकर जहर खा लिया। अस्पताल में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में मातम पसरा हुआ है, जबकि पुलिस ने शिकायत के आधार पर जांच शुरू कर दी है।
मृतक की पहचान बिथरी चैनपुर क्षेत्र के मोहनपुर रामनगर निवासी आदित्य शर्मा के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक आदित्य अपने पिता के साथ बढ़ईगिरी का काम करता था। बताया जा रहा है कि उसकी बचपन की परिचित एक युवती से दोस्ती थी। 23 जून को वह युवती को नया मोबाइल फोन दिलाने के लिए बाजार गया था। मोबाइल खरीदने के बाद दोनों कुछ समय के लिए आदित्य की नानी के घर चले गए, जिससे युवती के घर लौटने में देर हो गई।आरोप है कि युवती के देर से घर पहुंचने पर उसके पिता, भाई और अन्य परिजन आदित्य के घर पहुंचे और उससे विवाद करने लगे। परिजनों का कहना है कि इसके बाद आदित्य के साथ मारपीट की गई। घटना के दौरान आसपास के लोग भी मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद विवाद शांत हुआ।
परिवार के अनुसार, इस घटना के बाद आदित्य गहरे मानसिक तनाव में चला गया। अगले दिन वह घर से निकल गया और शाम को फोन कर अपने माता-पिता को बताया कि उसने सल्फास खा लिया है। सूचना मिलते ही परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। जांच के बाद दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
Next Story