भारत
इस मंदिर में एक साथ विराजमान हैं मां लक्ष्मी और भगवान कुबेर, दर्शन मात्र से ही दूर होती है आर्थिक परेशानी
jantaserishta.com
17 Oct 2025 2:30 PM IST

x
नई दिल्ली: दीपावली और धनतेरस के त्योहार में कुछ दिन का समय बचा है। इन त्योहारों पर विशेष रूप से मां लक्ष्मी और भगवान कुबेर की पूजा की जाती है दोनों को ही धन का देवता माना जाता है, लेकिन तमिलनाडु में एक ऐसा मंदिर है, जहां मां लक्ष्मी और भगवान कुबेर एक साथ भक्तों को दर्शन देते हैं। यह दक्षिण भारत का प्रसिद्ध मंदिर है, जहां मां लक्ष्मी और भगवान कुबेर एक साथ विराजमान हैं।
तमिलनाडु की राजधानी चेन्नई के रत्नमंगलम और वंडालूर के पास श्रीलक्ष्मी कुबेर मंदिर है, जहां दीपावली के दिन मंदिर को फूलों से सजाकर मां लक्ष्मी और भगवान कुबेर को प्रसन्न करने के लिए खास अनुष्ठान किए जाते हैं। माना जाता है कि दीपावली के दिन जो भक्त मां लक्ष्मी और भगवान कुबेर की पूजा करता है, तो उसकी झोली धन-धान्य और समृद्धि से भर जाती है। दीपावली और धनतेरस के मौके पर मंदिर में भक्तों की भारी भीड़ देखी जाती है, जो अपनी आर्थिक तंगी से निकलने के लिए मां लक्ष्मी के दर पर आते हैं।
मंदिर में मां लक्ष्मी और भगवान कुबेर की प्रतिमा काले पत्थर से बनाई गई है, और मंदिर में भगवान कुबेर अकेले नहीं बल्कि अपनी पत्नी सिद्धरानी के साथ विराजित हैं। तीनों प्रतिमाओं के पास धन को आकर्षित करने वाली मछली और कछुए की प्रतिमा रखी गई है। मछली और कछुए को धन-समृद्धि का प्रतीक माना जाता है, लोग आमतौर पर भी घर में क्रिस्टल का कछुआ रखते हैं। ये भी कहा जाता है कि मछलियों को आटा खिलाने से धन में वृद्धि होती है और घर सुख-समृद्धि से भर जाता है।
मंदिर की मान्यता है कि भगवान कुबेर को प्रसन्न करने के लिए हरे रंग का इस्तेमाल होता है। भक्त हरे रंग का कपड़ा भी भगवान कुबेर को अर्पित करते हैं और हरी पत्तियां और फूल भी चढ़ाते हैं। वहीं, मां लक्ष्मी को कमल के फूल सबसे ज्यादा प्रिय हैं और पूजा में कमल के फूल जरूर रखे जाते हैं। पर्यटन की दृष्टि से भी मंदिर बहुत खास है क्योंकि मंदिर 4,000 वर्ग फुट में बना है और मंदिर को बनाने में 30 लाख रुपये से ज्यादा लगे हैं। मंदिर का निर्माण राजलक्ष्मी कुबेर ट्रस्ट ने कराया है, जो आज भी मंदिर की देखरेख कर रहा है।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





