
x
पाकिस्तान के सामने सुधारों की चुनौती
इस्लामाबाद। पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ ने गोल्डमैन सैक्स के उस अनुमान पर उत्साह जताया है, जिसमें पाकिस्तान के वर्ष 2075 तक दुनिया की छठी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की संभावना व्यक्त की गई है। उन्होंने दावा किया कि पाकिस्तान इस मुकाम को 2050 से पहले हासिल कर सकता है। इस्लामाबाद में पाकिस्तान मिनरल्स इन्वेस्टमेंट फोरम को संबोधित करते हुए शरीफ ने कहा कि देश कठिन आर्थिक सफर से गुजर रहा है, लेकिन चुनौतियों के बावजूद हार नहीं माननी चाहिए। हालांकि, निर्धारित समय से पहले लक्ष्य हासिल करने के अपने दावे के समर्थन में उन्होंने कोई ठोस आर्थिक आधार प्रस्तुत नहीं किया।
गोल्डमैन सैक्स ने दिसंबर 2022 में ‘द पाथ टू 2075’ नामक रिपोर्ट जारी की थी। इसमें 104 देशों की अर्थव्यवस्थाओं के भविष्य का आकलन किया गया था। रिपोर्ट के अनुसार, 2075 तक चीन, भारत, अमेरिका, इंडोनेशिया और नाइजीरिया के बाद पाकिस्तान छठे स्थान पर पहुंच सकता है। रिपोर्ट में पाकिस्तान की वास्तविक जीडीपी लगभग 12.7 ट्रिलियन डॉलर और प्रति व्यक्ति जीडीपी 27,100 डॉलर तक पहुंचने का अनुमान लगाया गया है। यह संभावना उचित आर्थिक नीतियों और मजबूत संस्थागत व्यवस्था जैसी शर्तों पर आधारित है।
तेजी से बढ़ती आबादी को पाकिस्तान की संभावित आर्थिक वृद्धि का एक प्रमुख कारक माना गया है। हालांकि, आबादी का लाभ उठाने के लिए रोजगार, शिक्षा, उत्पादकता, निवेश और औद्योगिक विकास भी आवश्यक हैं। फिलहाल पाकिस्तान विदेशी कर्ज, महंगाई, विदेशी मुद्रा की कमी और राजकोषीय घाटे जैसी चुनौतियों से जूझ रहा है। उसकी अर्थव्यवस्था आईएमएफ के कार्यक्रमों पर भी निर्भर रही है।
गोल्डमैन सैक्स ने दीर्घकालिक अनुमानों के साथ जलवायु परिवर्तन, पर्यावरणीय आपदाओं और लोकलुभावन राष्ट्रवाद जैसे जोखिम भी बताए हैं। रिपोर्ट का आकलन संभावित आर्थिक दिशा दर्शाता है; इसे निश्चित परिणाम नहीं माना गया है। ऐसे में अनुमान को वास्तविकता में बदलना आर्थिक सुधारों और संस्थागत मजबूती पर निर्भर करेगा।
Next Story





