भारत

आज बंद नहीं होंगे सरकारी बैंक RBI ने बदला छुट्टी का फैसला

nidhi
27 Sept 2026 6:46 AM IST
आज बंद नहीं होंगे सरकारी बैंक RBI ने बदला छुट्टी का फैसला
x
बैंक ग्राहकों के लिए राहत
नई दिल्ली: बैंक से जुड़ा कोई जरूरी काम लंबे समय से अटका हुआ है तो आज यानी रविवार 27 सितंबर को उसे पूरा करने का मौका है। सामान्य तौर पर रविवार को बैंक बंद रहते हैं, लेकिन इस बार देश के सभी सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक खुले रहेंगे। केंद्र सरकार ने आगामी तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी बैंक हड़ताल को देखते हुए यह विशेष व्यवस्था की है। भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने भी रविवार को बैंक शाखाओं और संबंधित कार्यालयों को पूरी तरह चालू रखने की मंजूरी दी है।
वित्त मंत्रालय के मुताबिक रविवार 27 सितंबर 2026 को सभी सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक सामान्य रूप से काम करेंगे। आरबीआई ने बैंक शाखाओं के साथ कार्यालयों, एटीएम से जुड़ी शाखाओं और करेंसी चेस्ट को भी पूरी तरह संचालित रखने की अनुमति दी है। इसका उद्देश्य ग्राहकों को लगातार कई दिनों तक बैंकिंग सेवाओं में परेशानी से बचाना है।
दरअसल यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (UFBU) ने 28 सितंबर से 30 सितंबर 2026 तक तीन दिवसीय राष्ट्रव्यापी हड़ताल का आह्वान किया है। इसके ठीक पहले 26 सितंबर को चौथा शनिवार और 27 सितंबर को रविवार होने के कारण सामान्य स्थिति में बैंक लगातार पांच दिनों तक प्रभावित हो सकते थे। इसी स्थिति को देखते हुए सरकार ने रविवार को सार्वजनिक क्षेत्र और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों को खोलने का फैसला किया है।
सरकार और बैंक प्रबंधन की ओर से बैंक यूनियनों से प्रस्तावित हड़ताल को स्थगित करने की अपील भी की गई है। इसके साथ ही आवश्यक बैंकिंग सेवाओं को जारी रखने के लिए जरूरी इंतजाम किए जा रहे हैं। हालांकि हड़ताल होने की स्थिति में 28 से 30 सितंबर के बीच शाखाओं और कार्यालयों में सामान्य कामकाज प्रभावित हो सकता है। इसलिए जिन ग्राहकों को नकद जमा या निकासी, चेक से जुड़े काम, दस्तावेज जमा करने, पासबुक अपडेट कराने या शाखा में जाकर अन्य जरूरी बैंकिंग काम पूरे करने हैं, वे रविवार को ही इन्हें निपटा सकते हैं।
हड़ताल के दौरान डिजिटल बैंकिंग सेवाएं ग्राहकों के लिए महत्वपूर्ण विकल्प रहेंगी। इंटरनेट बैंकिंग, मोबाइल बैंकिंग, यूपीआई और एटीएम जैसी सेवाओं का इस्तेमाल रोजमर्रा के लेनदेन के लिए किया जा सकता है। हालांकि तकनीकी या नकदी उपलब्धता जैसी परिस्थितियों के कारण इनमें भी कभी-कभी परेशानी हो सकती है। सरकार का कहना है कि ग्राहकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आवश्यक बैंकिंग सेवाओं को निर्बाध बनाए रखने के प्रयास किए जा रहे हैं। ऐसे में आज रविवार होने के बावजूद सरकारी और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों के ग्राहकों के लिए राहत की खबर है। यदि आपका कोई जरूरी बैंकिंग काम बाकी है तो हड़ताल शुरू होने से पहले उसे पूरा करना बेहतर होगा।
Next Story