भारत

भारी बारिश से उत्तराखंड में कई सड़क मार्ग प्रभावित

Nil dhankar
8 July 2026 6:31 AM IST
भारी बारिश से उत्तराखंड में कई सड़क मार्ग प्रभावित
x
प्रशासन का अलर्ट

उत्तराखंड। देव भूमि उत्तराखंड में मॉनसून की बारिश आफत लेकर आई है. प्रदेश में हो रही भारी बारिश के कारण कई इलाकों में भूस्खलन की घटनाएं हुई हैं. भूस्खलन के कारण पहाड़ों से चट्टानें खिसकने, मलबा आने से कई रास्ते बंद हो गए हैं और लोगों को कहीं आने-जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. इन रास्तों से मलबा हटाने के काम में कई टीमें जुटी हुई हैं.

राज्य आपातकालीन परिचालन केंद्र की ओर से मिली जानकारी के मुताबिक उत्तराखंड में 32 रास्ते ऐसे हैं, जो पहाड़ से खिसकी चट्टान या फिर मलबा आ जाने के कारण बंद हैं. अधिकारियों का कहना है कि मलबा और चट्टानें हटाकर आवागमन जल्द शुरू कराने के लिए युद्ध स्तर पर काम किया जा रहा है. जल्द ही इन रास्तों को साफ कर इनसे आवाजाही शुरू करा दी जाएगी.

संबंधित विभाग के अधिकारी-कर्मचारी रास्ता साफ करने के काम में जुटे हुए हैं. गौरतलब है कि सूबे में मंगलवार को भारी बारिश रिकॉर्ड की गई. मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून के मुताबिक पंतनगर में सबसे अधिक 107 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई. चोरगलिया में 79.5, रुद्रपुर में 43.5, यमकेश्वर में 38 और किच्छा में 32.5 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई. खानपुर में 27, देहरादून और लक्सर में 19-19 मिमी बारिश दर्ज की गई है. बीते दिन हाथीबड़कला में 15, पिथौरागढ़ में 8.9 और लोहाघाट में 8 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई. मौसम विज्ञान केंद्र ने 8 जून को भी राज्य के अधिकतर इलाकों में गरज के साथ हल्की से मध्यम बारिश का अनुमान व्यक्त किया है. मौसम विभाग ने देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी, ऊधम सिंह नगर, नैनीताल, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों में कुछ जगह भारी बारिश का अनुमान जताया है.


Next Story