भारत
हाईकोर्ट अधिवक्ता की मौत मामले में आरोपी पति ने अदालत में किया सरेंडर, VIDEO जारी कर लगाए गंभीर आरोप
jantaserishta.com
29 Oct 2026 4:03 PM IST

x
मामले में बड़ा मोड़.
हजारीबाग: झारखंड हाईकोर्ट की अधिवक्ता अनुष्का चक्रवर्ती की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में मुख्य आरोपी पति कुशाग्र रुद्र राणा ने गुरुवार को हजारीबाग के मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी की अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया है। पुलिस अब आरोपी को अपनी हिरासत (रिमांड) में लेकर पूछताछ की तैयारी में जुटी है।
सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रूपेश कुमार सिंह ने आरोपी के कोर्ट में सरेंडर करने की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस अब उससे पूछताछ के लिए अदालत में रिमांड का आवेदन दाखिल करेगी। गिरफ्तारी से बचने के लिए फरार चल रहे आरोपी की तलाश में पुलिस ने झारखंड समेत तीन अलग-अलग राज्यों में अपनी टीमें भेजी थीं। इसके अलावा उसके पासपोर्ट और हथियार के लाइसेंस को रद्द कराने के साथ-साथ उसके बैंक खातों को भी सीज करने की कार्रवाई की जा रही थी।
बीते 22 अक्टूबर को हजारीबाग के गुप्ता कॉम्प्लेक्स स्थित फ्लैट नंबर 304 के भीतर अधिवक्ता अनुष्का चक्रवर्ती का शव संदेहास्पद स्थिति में फंदे से लटका हुआ मिला था। मृतका झारखंड हाईकोर्ट में वकालत करती थीं। उनकी असमय और रहस्यमय मौत के बाद परिजनों ने पति और उसके परिवार के अन्य सदस्यों पर दहेज के लिए प्रताड़ना व हत्या के गंभीर आरोप लगाते हुए न्याय की गुहार लगाई थी।
इस घटना के बाद ही अनुष्का का पति और उसके घर के लोग फरार थे। इस घटना को लेकर मृतका के परिजनों ने झारखंड हाईकोर्ट में एक याचिका दाखिल की है, जिसपर सुनवाई करते हुए कोर्ट ने पूरे मामले की जांच डीएसपी स्तर के अधिकारी का निर्देश दिया था। इस बीच, आत्मसमर्पण से ठीक पहले आरोपी पति ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो पोस्ट किया है, जिसमें उसने अपनी पत्नी की मौत के लिए ससुराल पक्ष को जिम्मेदार ठहराते हुए सनसनीखेज आरोप मढ़े हैं।
कुशाग्र रुद्र राणा ने अपने ऊपर लगे आरोपों को सिरे से खारिज किया है। उसने दावा किया है कि अनुष्का के पिता उसके कारोबार में लगातार अनुचित दखलअंदाजी करते थे और उसे अपनी कंपनी में निदेशक बनाने के लिए लगातार मानसिक दबाव बना रहे थे। उसने यह भी आरोप लगाया कि ससुराल पक्ष की ओर से उस पर आर्थिक दबाव डाला गया तथा उससे पैसे और कीमती सामान ऐंठे गए।
आरोपी पति ने वीडियो में रामगढ़ की विधायक ममता देवी के प्रतिनिधि मनोज महतो का भी जिक्र किया है। उसने आरोप लगाया कि झारखंड लोक सेवा आयोग की परीक्षा में कथित सेटिंग के नाम पर कंपनी के बैंक खाते से सात लाख रुपये और नकद 10 लाख रुपये ट्रांसफर किए गए थे। इसके साथ ही उसने यह भी दावा किया कि रांची में रहने के दौरान अनुष्का की एक अन्य महिला अधिवक्ता से नजदीकियों को लेकर उनके बीच विवाद रहता था।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





