
x
गांव में पुलिस तैनात
मुजफ्फरपुर। बिहार के मुजफ्फरपुर जिले में एक युवक की हत्या के बाद रविवार को जमकर बवाल हो गया। करजा थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर खाजे गांव में मेला घूमने गए नवनीत कुमार की कथित तौर पर पीट-पीटकर और चाकू मारकर हत्या कर दी गई। पोस्टमार्टम के बाद युवक का शव गांव पहुंचते ही ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित लोगों ने कथित आरोपियों के घरों पर पत्थरबाजी की और छह से सात मकानों में आग लगा दी। घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव फैल गया और भारी पुलिस बल तैनात करना पड़ा।
मेला घूमने गया था युवक, दोस्तों से हुआ विवाद
जानकारी के मुताबिक, मोहम्मदपुर खाजे गांव का रहने वाला नवनीत कुमार देर रात अपने करीब आधा दर्जन दोस्तों के साथ मेला घूमने गया था। इसी दौरान किसी बात को लेकर नवनीत और उसके साथ मौजूद युवकों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते कहासुनी हिंसक झड़प में बदल गई। आरोप है कि दोस्तों ने नवनीत के साथ बेरहमी से मारपीट की और चाकू से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल नवनीत की इलाज के दौरान मौत हो गई।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मामले की जांच शुरू की।
शव पहुंचते ही भड़का गुस्सा, घरों में लगाई आग
रविवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद जब नवनीत का शव गांव पहुंचा, तो परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। गुस्साई भीड़ ने कथित आरोपियों के घरों को निशाना बनाते हुए पत्थरबाजी शुरू कर दी। इसके बाद छह से सात घरों में आग लगा दी गई। देखते ही देखते आग की लपटें उठने लगीं और पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आगजनी की सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। अग्निशमन कर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
दहशत में घर छोड़कर निकलीं महिलाएं
हत्या के बाद हुई हिंसा और आगजनी से गांव में भय का माहौल बन गया। कई महिलाएं और परिवार अपनी सुरक्षा को देखते हुए घर छोड़कर दूसरे स्थानों पर चले गए। मृतक और कथित आरोपियों के अलग-अलग जातीय समुदायों से होने की जानकारी भी सामने आई है। ऐसे में प्रशासन ने किसी संभावित जातीय तनाव को रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है।
गांव में भारी पुलिस बल तैनात
घटना की जानकारी मिलते ही सिटी एसपी मोहिबुल्लाह अंसारी, एसडीपीओ सरैया अभिजित कौर और कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। पुलिस अधिकारी लगातार इलाके की निगरानी कर रहे हैं। मुजफ्फरपुर के एसएसपी कांतेस कुमार मिश्र ने बताया कि युवक की हत्या के मामले में कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून हाथ में लेने और हिंसा फैलाने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई होगी। फिलहाल गांव में पुलिस बल तैनात है। हत्या के आरोपियों की भूमिका और आगजनी में शामिल लोगों की पहचान के लिए जांच जारी है।
Next Story





