
x
मां-बेटी की मौत
सागर। मध्य प्रदेश के सागर जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां पति के दूसरी महिला से कथित प्रेम संबंधों के शक में एक महिला ने पड़ोस में रहने वाली मां-बेटी पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी। इस खौफनाक वारदात में दोनों गंभीर रूप से झुलस गईं और इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी महिला को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। जानकारी के मुताबिक, मामला सागर जिले के बीना क्षेत्र के गोदना गांव का है। यहां 2 नवंबर की शाम करीब 7:30 बजे गिरजाबाई अपनी 13 वर्षीय बेटी आयुषी के साथ घर में मौजूद थीं। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाली रिश्ते की देवरानी काजल गोस्वामी (28) कथित तौर पर स्टील के डिब्बे में पेट्रोल लेकर उनके घर पहुंची। आरोप है कि उसने कमरे में मौजूद मां-बेटी पर पेट्रोल उड़ेलकर आग लगा दी और मौके से फरार हो गई।
आग लगते ही घर में चीख-पुकार मच गई। मां-बेटी की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने किसी तरह आग बुझाई और दोनों को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया। घटना में गिरजाबाई करीब 100 प्रतिशत तक झुलस गई थीं, जबकि उनकी बेटी आयुषी लगभग 70 प्रतिशत जल गई थी। दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए सागर रेफर किया। बाद में आयुषी को भोपाल के हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालांकि, गंभीर रूप से झुलसने के कारण इलाज के दौरान मां-बेटी दोनों ने दम तोड़ दिया।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी काजल को अपने पति और गिरजाबाई के बीच कथित संबंध होने का शक था। इसी संदेह के चलते उसने वारदात को अंजाम दिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी महिला पहले भी इस तरह की कोशिश कर चुकी थी। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपी काजल गोस्वामी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेज दिया गया। इस घटना ने पूरे गांव को झकझोर दिया है। महज 13 साल की मासूम आयुषी की मौत से स्थानीय लोगों में दुख और आक्रोश है। पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
Next Story





