भारत

‘रामायण’ में भगवान राम के चित्रण पर मुकेश खन्ना ने उठाए सवाल, एक्शन सीन और VFX पर जताई आपत्ति

SHIDDHANT
1 Oct 2026 8:03 PM IST
‘रामायण’ में भगवान राम के चित्रण पर मुकेश खन्ना ने उठाए सवाल, एक्शन सीन और VFX पर जताई आपत्ति
x
Mumbai मुंबई। रणबीर कपूर की आने वाली फिल्म ‘रामायण’ रिलीज से पहले ही चर्चा में है। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी सीता और यश रावण की भूमिका में नजर आएंगे। इसी बीच अभिनेता मुकेश खन्ना ने फिल्म में भगवान राम के चित्रण को लेकर अपनी राय रखी है। उन्होंने खास तौर पर फिल्म में दिखाए जा रहे एक्शन और बड़े स्तर पर इस्तेमाल किए गए VFX पर सवाल उठाए हैं।
भगवान राम को एक्शन हीरो की तरह दिखाने पर सवाल
बॉलीवुड नाउ को दिए इंटरव्यू में मुकेश खन्ना ने कहा कि भगवान राम की पहचान मर्यादा पुरुषोत्तम के रूप में है। उनके मुताबिक फिल्म में जिस तरह राम के किरदार को एक्शन से जोड़ा गया है, वह उनके देखे और पढ़े गए रामायण के संस्करणों से अलग है। मुकेश खन्ना ने कहा कि श्री राम को सलमान खान, अमिताभ बच्चन या रजनीकांत की तरह एक्शन हीरो के अंदाज में पेश नहीं किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि राम का व्यक्तित्व शांत और मर्यादित था और उन्हें मुस्कुराते हुए दिखाया जाता था। उन्होंने फिल्म के एक सीन का जिक्र भी किया, जिसमें रणबीर कपूर भगवान राम के किरदार में पेड़ पर चढ़कर तीर चलाते नजर आते हैं। मुकेश खन्ना का कहना है कि उन्होंने रामायण के जिन संस्करणों को देखा या पढ़ा है, उनमें राम को इस तरह लड़ते हुए नहीं दिखाया गया।
VFX को लेकर भी रखी अपनी राय
मुकेश खन्ना ने फिल्म में इस्तेमाल किए जा रहे बड़े पैमाने के विजुअल इफेक्ट्स यानी VFX पर भी बात की। उनका कहना है कि अंतरराष्ट्रीय दर्शक इसे एक बड़े स्तर की फैंटेसी फिल्म के तौर पर देख सकते हैं, लेकिन भारत में भगवान राम के किरदार को धार्मिक आस्था से जोड़कर देखा जाता है। उन्होंने कहा कि भारत में जब भगवान राम को पर्दे पर दिखाया जाए तो उनके चित्रण में आस्था का ध्यान रखा जाना चाहिए। फिल्म ‘रामायण’ का निर्देशन नितेश तिवारी ने किया है। फिल्म को दो हिस्सों में रिलीज किए जाने की जानकारी दी गई है।
रामानंद सागर के पोते भी कर चुके हैं कास्टिंग पर टिप्पणी
इससे पहले 1987 की चर्चित टीवी सीरीज ‘रामायण’ के निर्माता-निर्देशक रामानंद सागर के पोते शिव सागर ने भी रणबीर कपूर की कास्टिंग पर अपनी राय रखी थी। शिव सागर ने कहा था कि ‘एनिमल’ में रणबीर कपूर को देखने के बाद उनके लिए उन्हें भगवान राम के रूप में स्वीकार करना मुश्किल है। उनके मुताबिक राम जैसे किरदार के लिए किसी नए चेहरे को चुना जाना चाहिए था, क्योंकि नए अभिनेता के साथ दर्शकों की पहले से कोई छवि नहीं जुड़ी होती। हालांकि, उन्होंने रणबीर कपूर की एक्टिंग को लेकर कोई आपत्ति नहीं जताई थी। उन्होंने रणबीर को अच्छा अभिनेता बताया था और फिल्म की बाकी कास्टिंग, खासकर यश और साई पल्लवी की भी तारीफ की थी।
रणबीर ने कास्टिंग को लेकर क्या कहा था
जुलाई में सैन डिएगो कॉमिक-कॉन में ‘रामायण’ का टीजर पेश किया गया था। इसी दौरान रणबीर कपूर ने भगवान राम के किरदार के लिए अपनी कास्टिंग को लेकर हुई आलोचना पर बात की थी। रणबीर ने कहा था कि रामायण देखने वाले लोगों के मन में भगवान राम की अलग-अलग छवि और व्याख्या हो सकती है। उनके मुताबिक कुछ लोग उन्हें इस भूमिका के लिए सही कास्टिंग मान सकते हैं, जबकि कुछ लोग ऐसा नहीं मानेंगे। रणबीर ने यह भी कहा था कि भगवान राम की भूमिका निभाने वाले अभिनेता के लिए सही नीयत, विश्वास और इस पूरी यात्रा के प्रति आस्था जरूरी है।
Next Story