भारत

Narendra Modi: नरेंद्र मोदी आज लगातार तीसरी बार लेंगे पीएम पद की शपथ, नेहरू के बाद यह उपलब्धि हासिल करने वाले देश के दूसरे नेता बनेंगे

jantaserishta.com
9 Jun 2024 9:47 AM IST
Narendra Modi: नरेंद्र मोदी आज लगातार तीसरी बार लेंगे पीएम पद की शपथ, नेहरू के बाद यह उपलब्धि हासिल करने वाले देश के दूसरे नेता बनेंगे
x
नई दिल्ली: पीएम नरेंद्र मोदी रविवार को लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेने जा रहे हैं। शाम 7:15 बजे राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू उन्हें पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाएंगी। उनके साथ भाजपा के कई नेता और एनडीए से सहयोगी दलों के कई सांसद भी आज मंत्री के रूप में शपथ ले सकते हैं।
वह देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के बाद दूसरे ऐसे नेता होंगे जो लगातार तीसरी बार प्रधानमंत्री का पद संभालेंगे। नये संसद भवन के निर्माण में शामिल 250 से अधिक श्रमिकों को भी पीएम के शपथ ग्रहण समारोह के लिए आमंत्रित किया गया है। वे दोपहर बाद तीन बजे के लगभग भाजपा के वरिष्ठ नेता मनसुख मंडाविया के घर पर एकत्र होंगे और वहां से शपथ ग्रहण समारोह के लिए राष्ट्रपति भवन जायेंगे।
केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं के कई लाभार्थियों के साथ ही विकसित भारत के ब्रांड एंबेसडर, वंदे भारत ट्रेन और इस तरह की अन्य कई परियोजनाओं से जुड़े व्यक्तियों, ट्रांसजेंडर्स, सफाईकर्मियों एवं स्वास्थ्यकर्मियों सहित विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोगों को भी आमंत्रित किया गया है। विपक्षी दलों के नेताओं को भी शपथ ग्रहण समारोह के लिए आमंत्रित किया गया है।
भारत की 'पड़ोसी पहले' नीति और 'सागर' दृष्टिकोण की सर्वोच्च प्राथमिकता के अनुरूप शपथ ग्रहण समारोह के लिए पड़ोसी देशों और हिंद महासागर क्षेत्र के नेताओं को विशिष्ट अतिथि के रूप में आमंत्रित किया गया है। श्रीलंका के राष्ट्रपति रानिल विक्रमसिंघे, मालदीव के राष्ट्रपति डॉ. मोहम्मद मुइज्जू, सेशेल्स के उपराष्ट्रपति अहमद अफिफ, बांग्लादेश की प्रधानमंत्री शेख हसीना, मॉरीशस के प्रधानमंत्री प्रविंद कुमार जगन्नाथ, नेपाल के प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल ‘प्रचंड’ और भूटान के प्रधानमंत्री शेरिंग तोबगे शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होंगे। समारोह में उपस्थित विदेशी नेताओं को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु राष्ट्रपति भवन में रात्रि भोज भी देंगी।
पीएम मोदी ने शपथ ग्रहण से पहले आज सुबह राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और देश के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के समाधि स्थल पर पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने नेशनल वॉर मेमोरियल जाकर शहीद जवानों को नमन भी किया।
वह सबसे पहले महात्मा गांधी के समाधि स्थल राजघाट पहुंचे और राष्ट्रपिता को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के समाधि स्थल 'सदैव अटल' पर जाकर उन्हें भी श्रद्धांजलि अर्पित की। अटल बिहारी वाजपेयी के समाधि स्थल पर काफी संख्या में मौजूद लोगों ने 'भारत माता की जय', 'मोदी-मोदी' और ' मोदी जी को - जय श्रीराम' जैसे नारों से उनका अभिवादन किया। लोग 'अटल बिहारी वाजपेयी - अमर रहे' के नारे लगाते भी सुनाई दिए।
इसके बाद पीएम ने नेशनल वॉर मेमोरियल पहुंचकर शहीद जवानों को भी नमन किया। वहां तीनों सेनाओं के प्रमुखों ने उनका स्वागत किया। इस दौरान वरिष्ठ भाजपा नेता राजनाथ सिंह भी उनके साथ मौजूद रहे।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story