भारत

'सुरक्षा चाहिए तो टोल दो', होर्मुज को लेकर ट्रंप का नया प्रस्ताव

SHIDDHANT
13 July 2026 11:04 PM IST
सुरक्षा चाहिए तो टोल दो, होर्मुज को लेकर ट्रंप का नया प्रस्ताव
x
होर्मुज को लेकर ट्रंप का बड़ा ऐलान, दुनिया से मांगा सुरक्षा शुल्क
Washington वॉशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने स्ट्रेट ऑफ होर्मुज (होर्मुज जलडमरूमध्य) की सुरक्षा को लेकर बड़ा बयान देते हुए कहा है कि अमेरिका इस रणनीतिक समुद्री मार्ग का संरक्षक (Guardian) बनने को तैयार है, लेकिन इसके बदले सभी समुद्री कार्गो से 20 प्रतिशत सुरक्षा शुल्क (टोल) मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह शुल्क इस महत्वपूर्ण जलमार्ग की सुरक्षा पर होने वाले खर्च की भरपाई के लिए आवश्यक है।
फॉक्स न्यूज को दिए एक इंटरव्यू में ट्रंप ने कहा कि अमेरिका लंबे समय से होर्मुज जलडमरूमध्य की सुरक्षा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहा है। इसलिए यदि वह भविष्य में भी वैश्विक समुद्री व्यापार और तेल आपूर्ति को सुरक्षित रखने की जिम्मेदारी निभाता है, तो इसके लिए उचित भुगतान मिलना चाहिए। ईरान पर निशाना साधते हुए ट्रंप ने आरोप लगाया कि अमेरिका और ईरान के बीच हुए समझौते का पालन नहीं किया गया। उन्होंने दावा किया कि हाल ही में ईरानी प्रतिनिधियों के साथ करीब 11 घंटे तक बातचीत चली थी और लगभग सभी मुद्दों पर सहमति बन गई थी, लेकिन बाद में ईरान ने समझौते में बदलाव की मांग कर दी।
ट्रंप ने कहा कि होर्मुज जलडमरूमध्य किसी भी कीमत पर खुला रहेगा और ईरान चाहे या न चाहे, अंतरराष्ट्रीय जहाजों की आवाजाही जारी रहेगी। उन्होंने यह भी कहा कि अमेरिका तथाकथित "ईरानी नाकाबंदी" को फिर से लागू करेगा, जिससे केवल ईरान या उसके ग्राहकों से जुड़े जहाज प्रभावित होंगे, जबकि अन्य देशों के जहाजों को स्वतंत्र रूप से इस मार्ग का उपयोग करने दिया जाएगा। गौरतलब है कि होर्मुज जलडमरूमध्य दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री व्यापारिक मार्गों में शामिल है, जहां से वैश्विक कच्चे तेल का बड़ा हिस्सा गुजरता है। ट्रंप के इस बयान को अमेरिका-ईरान संबंधों और वैश्विक ऊर्जा सुरक्षा के लिहाज से अहम माना जा रहा है।
Next Story