भारत

प्लान Fail! सड़क हादसा नहीं हत्या की साजिश निकली, पांच आरोपी गिरफ्तार

jantaserishta.com
2 Sept 2026 11:27 AM IST
प्लान Fail! सड़क हादसा नहीं हत्या की साजिश निकली, पांच आरोपी गिरफ्तार
x
जानें पूरा मामला.
आगर मालवा: मध्य प्रदेश के आगर मालवा में एक सड़क हादसा हुआ. बाइक पर जा रहा एक युवक अचानक ट्रक की चपेट में आ गया. पहली नजर में मामला एक आम सड़क दुर्घटना जैसा ही लगा. लेकिन घायल युवक ने पुलिस को एक ऐसी बात बताई, जिसने पूरे मामले का रुख बदल दिया.
उसने शक जताया कि ट्रक ने उसे हादसे में नहीं, बल्कि जान से मारने की नीयत से टक्कर मारी है. पुलिस ने इस शक को हल्के में नहीं लिया. जांच शुरू हुई. CCTV फुटेज खंगाले गए. तकनीकी सबूतों को देखा गया. ट्रक और उसके चालक तक पहुंच बनाई गई. और फिर जो कहानी सामने आई, वो किसी सड़क हादसे की नहीं, बल्कि कथित तौर पर पुरानी रंजिश के चलते रची गई हत्या की साजिश की थी.
पुलिस ने इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है. मामला आगर मालवा जिले के सुसनेर थाना क्षेत्र का है. घटना 23 अगस्त 2026 की है. पुलिस को सूचना मिली थी कि बड़िया जोड़ पेट्रोल पंप के सामने बाइक सवार विक्रम सिंह निवासी ग्राम खजुरी को एक अज्ञात ट्रक ने टक्कर मार दी है.
विक्रम घायल हुआ था. लेकिन उसने पुलिस के सामने एक गंभीर शक जाहिर किया. उसका कहना था कि उसे टक्कर जान से मारने की नीयत से मारी गई हो सकती है. अब पुलिस के सामने सवाल था कि क्या ये वाकई सड़क हादसा था या इसके पीछे कोई साजिश थी? मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच शुरू की.
घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज देखी गई. ट्रक की आवाजाही और उससे जुड़े तकनीकी साक्ष्यों की पड़ताल की गई. जांच धीरे-धीरे एक ट्रक तक पहुंची. पुलिस ने ट्रक के चालक 25 वर्षीय शंकर यादव निवासी अहिरबर्डिया को पकड़ा. पूछताछ हुई. और पुलिस के मुताबिक, शंकर ने घटना में अपनी भूमिका स्वीकार कर ली. उसने बताया कि इस काम के लिए उसे पैसों का लालच दिया गया था.
इसके बाद पुलिस ने ट्रक मालिक 22 वर्षीय विजय यादव निवासी रतनखेड़ी को भी गिरफ्तार कर लिया. पूछताछ और जांच आगे बढ़ी तो मामला पुरानी रंजिश तक पहुंच गया. पुलिस के मुताबिक, 32 वर्षीय अर्जुन निवासी ग्राम खजुरी की विक्रम सिंह से पुरानी रंजिश थी. आरोप है कि इसी के चलते अर्जुन ने विक्रम को रास्ते से हटाने की साजिश रची.
पुलिस के मुताबिक, अर्जुन ने इसके लिए 29 साल के तुलसीराम यादव निवासी बापचा से संपर्क किया और 5 लाख रुपये में एक्सीडेंट कराने का सौदा तय हुआ. यानी प्लानिंग थी कि हत्या को ऐसा रूप दिया जाए कि मामला सड़क हादसा लगे. इसके बाद कथित तौर पर तुलसीराम ने इस साजिश में दूसरे लोगों को शामिल किया. पुलिस की जांच के मुताबिक, ट्रक चालक शंकर और ट्रक मालिक विजय भी इस प्लानिंग में शामिल हो गए. फिर मौका देखकर विक्रम की बाइक को ट्रक से टक्कर मारने की कोशिश की गई.
लेकिन विक्रम बच गया. यहीं से पूरी साजिश का वो सिरा पुलिस के हाथ लगा, जिसने एक कथित सड़क हादसे को हत्या की कोशिश के मामले में बदल दिया. पुलिस ने शंकर और विजय से पूछताछ के बाद तुलसीराम, राहुल और अर्जुन की भूमिका सामने आने का दावा किया. इसके बाद पुलिस टीम ने तीनों की तलाश शुरू की और 1 सितंबर 2026 को उन्हें भी गिरफ्तार कर लिया.
इस मामले में कुल पांच आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ गए. इनमें शंकर, विजय, तुलसीराम, राहुल और अर्जुन शामिल हैं. पुलिस के मुताबिक, मामले की शुरुआती FIR सुसनेर थाने में दर्ज की गई थी. जिस घटना को शुरुआत में सड़क हादसा समझा जा रहा था, पुलिस की जांच में उसके पीछे कथित तौर पर 5 लाख रुपये का सौदा और पुरानी रंजिश सामने आई. फिलहाल सभी आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है.
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story