भारत

मुंबई में किन्नर बनकर घर में घुसने वाले आरोपी पर पुलिस का शिकंजा

Shantanu Roy
20 Aug 2026 11:34 PM IST
मुंबई में किन्नर बनकर घर में घुसने वाले आरोपी पर पुलिस का शिकंजा
x
बड़ी खबर
मुंबई मुंबई। महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के पवई इलाके में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक व्यक्ति पर आरोप है कि उसने किन्नर का वेश धारण कर एक महिला के घर में प्रवेश किया और संतान प्राप्ति के लिए अनुष्ठान करने का झांसा देकर उसके साथ कथित तौर पर दुष्कर्म किया। घटना के बाद आरोपी महिला से 2 हजार रुपये लेकर फरार हो गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी को ठाणे के कालवा इलाके से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी की पहचान अनिल शिंदे के रूप में हुई है। आरोपी पर आरोप है कि उसने खुद को किन्नर बताकर महिला के परिवार का विश्वास जीता और फिर वारदात को अंजाम दिया।
बुजुर्ग रिश्तेदार को झांसे में लेकर घर में घुसा आरोपी
पुलिस जांच में सामने आया कि घटना 19 अगस्त की है। उस समय पीड़िता अपने घर पर मौजूद थी, जबकि उसका पति काम पर गया हुआ था। घर में मौजूद एक बुजुर्ग रिश्तेदार ने दरवाजा खोला तो आरोपी ने खुद को किन्नर बताते हुए आशीर्वाद देने की बात कही। बुजुर्ग ने उसे किन्नर समझकर घर के अंदर आने दिया। बातचीत के दौरान आरोपी को पता चला कि पीड़िता की शादी को कई साल हो चुके हैं, लेकिन उसके कोई संतान नहीं है। इसके बाद आरोपी ने दावा किया कि वह विशेष अनुष्ठान कर महिला को संतान प्राप्ति में मदद कर सकता है। उसने परिवार को अपनी बातों में फंसा लिया।
अनुष्ठान के बहाने महिला के साथ कथित दुष्कर्म
FIR के अनुसार, आरोपी ने अनुष्ठान करने के बहाने बुजुर्ग रिश्तेदार को किसी काम से बाहर भेज दिया। इसके बाद उसने महिला को जमीन पर बैठाया और फिर अनुष्ठान के नाम पर उसे बिस्तर पर लेटने के लिए कहा। आरोप है कि इसी दौरान आरोपी ने महिला के साथ जबरदस्ती की। घटना के बाद आरोपी ने महिला को जल्द गर्भधारण होने का दावा किया और पैसे मांगे। महिला ने उसे 2 हजार रुपये दे दिए। पुलिस के अनुसार, आरोपी के जाने के करीब एक घंटे बाद महिला को अपने साथ हुई घटना की गंभीरता का एहसास हुआ। इसके बाद उसने अपने पति को फोन कर पूरी जानकारी दी। दंपती ने पुलिस से संपर्क कर शिकायत दर्ज कराई।
CCTV और ऑटो से आरोपी तक पहुंची पुलिस
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच शुरू की। जांच में एक फुटेज में आरोपी एक ऑटोरिक्शा से जाते हुए दिखाई दिया। पुलिस ने ऑटो के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर चालक की जानकारी जुटाई और आरोपी के उतरने वाली जगह तक पहुंची। तकनीकी जांच और अन्य सबूतों के आधार पर पुलिस ने आरोपी को ठाणे के कालवा इलाके से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे 24 अगस्त तक पुलिस हिरासत में भेज दिया गया है। अब पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या आरोपी ने इसी तरह की वारदात पहले भी किसी अन्य महिला के साथ की है।
पुलिस कर रही है आगे की जांच
मामले की जांच डीसीपी दत्ता नलावडे के नेतृत्व में की जा रही है। पुलिस आरोपी के पुराने रिकॉर्ड और उसकी गतिविधियों की जानकारी जुटा रही है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Next Story