भारत

परीक्षा केंद्र पर पकड़ा गया प्रमोद, डेढ़ लाख रुपये में दिया था परीक्षा देने का सौदा

SHIDDHANT
4 Jun 2026 12:07 AM IST
सांकेतिक तस्वीर (AI)
x

सांकेतिक तस्वीर (AI)

 

प्रशासन और पुलिस ने किया तुरंत कार्रवाई
Uttar Pradesh उत्तर प्रदेश: माध्यमिक शिक्षा सेवा चयन बोर्ड की टीजीटी परीक्षा में बरेली के इस्लामिया गर्ल्स इंटर कॉलेज केंद्र पर एक बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है। परीक्षा के दौरान फर्रुखाबाद निवासी अभ्यर्थी विमल प्रताप सिंह की जगह परीक्षा देने पहुंचे प्रमोद को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। प्रारंभिक जांच में पता चला कि प्रमोद ने यह काम डेढ़ लाख रुपये के सौदे पर किया था।
परीक्षा के पहले सत्र के दौरान बायोमेट्रिक सत्यापन के दौरान प्रमोद की पहचान संदिग्ध पाई गई। अधिकारियों ने बायोमेट्रिक और दस्तावेजों का मिलान किया, जिससे यह खुलासा हुआ कि परीक्षा देने वाला युवक असली अभ्यर्थी नहीं है। वह परीक्षा का आधा सत्र पूरा कर चुका था। इस मामले की सूचना परीक्षा केंद्र प्रशासन ने तुरंत पुलिस को दी, जिसके बाद शहर कोतवाली पुलिस ने प्रमोद को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।
जांच में यह भी सामने आया कि प्रमोद ने विमल प्रताप सिंह की जगह परीक्षा देने की जिम्मेदारी ली थी। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि सौदे का पूरा लेन-देन कैसे हुआ और इस नेटवर्क में और कौन शामिल हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी सॉल्वर गैंग से जुड़ा हो सकता है। प्रतियोगी परीक्षाओं में दूसरे अभ्यर्थियों की जगह परीक्षा देने वाले गिरोह पहले भी कई बार पकड़े जा चुके हैं।
एडीएम सिटी अविनाश त्रिपाठी ने बताया कि पहचान संबंधी गड़बड़ी सामने आने पर कार्रवाई की गई। प्रमोद से पूछताछ जारी है और मामले में अन्य लोगों की भूमिका की जांच भी की जा रही है। अगर किसी संगठित गिरोह का संबंध पाया जाता है, तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस फर्जीवाड़े ने टीजीटी जैसी महत्वपूर्ण शिक्षक भर्ती परीक्षा की व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि समय रहते आरोपी पकड़े जाने से बड़ा नुकसान होने से बच गया।
Next Story