भारत

कार सवार महिलाओं के साथ स्कॉर्पियो चालक ने बदसलूकी की, पूर्व CM ने बताया भयावह घटना

Nil dhankar
9 July 2026 7:13 AM IST
कार सवार महिलाओं के साथ स्कॉर्पियो चालक ने बदसलूकी की, पूर्व CM ने बताया भयावह घटना
x
वीडियो

झारखण्ड। राजधानी रांची का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. इस वीडियो में एक स्कॉर्पियो, कार का पीछा करती नजर आ रही है. कार में महिलाएं सवार थीं. यह वीडियो वायरल होने के बाद हंगामा मच गया है. झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी ने सरकार पर हमला बोला है. बाबूलाल मरांडी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर इस घटना को भयावह बताया है.

पूर्व सीएम मरांडी ने कहा है कि रांची के दशम फॉल क्षेत्र से लेकर हाईवे तक, कई किलोमीटर महिलाओं की गाड़ी का पीछा कर उनके साथ बदसलूकी किए जाने की घटना बहुत भयावह और चिंताजनक है. उन्होंने कहा है कि सबसे गंभीर बात यह है कि महिलाओं के सूचना देने पर भी सहायता के लिए पुलिस नहीं पहुंची. मरांडी ने सीएम हेमंत सोरेन को टैग करते हुए लिखा कि मुख्यमंत्री दिल्ली में निवेशकों को आमंत्रित करने में व्यस्त हैं, लेकिन सवाल यह है कि ऐसी कानून-व्यवस्था पर कोई निवेशक कैसे भरोसा करेगा?

उन्होंने कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार पर हमला करते हुए कहा कि जिस राज्य में पुलिस की गाड़ी से खींचकर युवक की हत्या कर दी जाए और महिलाओं की सुरक्षा भी सुनिश्चित न हो, वहां सुरक्षा का संदेश कैसे जाएगा? मरांडी ने तंज करते हुए कहा कि राज्य सरकार पर्यटन को बढ़ावा देने के बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन पर्यटन सीजन और मॉनसून के दौरान प्रमुख पर्यटन स्थलों पर भी सुरक्षा के इंतजाम नहीं हैं. उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति पर्यटकों के साथ ही स्थानीय लोगों के लिए भी चिंता का विषय है.

पूर्व सीएम मरांडी ने रांची पुलिस, झारखंड पुलिस से मांग की है कि दशम फॉल सहित राज्य के सभी प्रमुख पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा के व्यापक और प्रभावी इंतजाम किए जाएं, जिससे ऐसी घटनाएं फिर से ना हों. पूर्व सीएम की सोशल मीडिया पोस्ट के बाद इस मामले को लेकर अब रांची पुलिस का भी बयान आया है. पुलिस ने कहा है कि 7 जुलाई को 12 बजकर 39 मिनट पर डायल 112 पर सूचना मिली की रांची-टाटा हाईवे पर काले रंग की स्कॉर्पियो गाड़ी से एक डिजायर कार का पीछा किया जा रहा है.

रांची पुलिस का दावा है कि सूचना मिलने के बाद छह मिनट के भीतर बाइक दस्ता, 10 मिनट के भीतर गस्ती दल के साथ दशम फॉल थाना प्रभारी मौके पर पहुंच गए. डिजायर चालक रणवीर ने बताया कि बुण्डू सूर्य मंदिर से निकलने के दौरान काले रंग की स्कॉर्पियो से गाड़ी सट गई थी. इसे लेकर विवाद हुआ और फिर अपनी गाड़ी लेकर निकल गया. तैमारा मोड़ के पास स्कॉर्पियो सवार लोगों ने पीछा कर गाड़ी रुकवाई और आगे का शीशा, गेट का शीशा तोड़ दिया. इस गाड़ी में जमशेदपुर की तीन महिलाएं बैठी थीं.

Next Story