भारत

कैफे कर्मी के अपहरण के खिलाफ धरना, जोरदार प्रदर्शन

Shantanu Roy
2 Jun 2026 5:54 PM IST
कैफे कर्मी के अपहरण के खिलाफ धरना, जोरदार प्रदर्शन
x
Una. ऊना। ऊना-हमीरपुर रोड़ स्थित एक कैफे के कर्मचारी दीपांशु के अपहरण व मारपीट मामले में पुलिस कार्रवाई से खफा सैनी समाज ने सोमवार को ऊना मुख्यालय पर जोरदार रोष प्रदर्शन किया। दीपांशु की माता आत्मदाह करने के लिए अपने साथ पेट्रोल की बोतल लेकर आई थी, लेकिन पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उसके हाथ से बोतल छीन ली और किसी भी अप्रिय स्थिति को टाल दिया। इस दौरान मौके पर मौजूद लोगों ने पुलिस प्रशासन और कैफे प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। आक्रोशित लोगों ने एमसी पार्क से लेकर एसपी कार्यालय तक रोष रैली निकाली और एसपी ऊना से मुलाकात करते हुए आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शनकारियों का आरोप था कि मामले में प्रभावशाली लोगों को बचाने की कोशिश की जा रही है, जिसके चलते अब तक पीडि़त परिवार को न्याय नहीं मिल पाया है। उन्होंने कह कि यदि समय रहते निष्पक्ष कार्रवाई की गई होती तो एक मां को आत्मदाह जैसा कठोर कदम उठाने के बारे में सोचने के लिए मजबूर नहीं
होना पड़ता।
पीडि़त के साथ आई माता कंचन, लाड़ी सैणी व संजीव सैणी ने कहा कि यह केवल एक परिवार की लड़ाई नहीं, बल्कि न्याय व्यवस्था पर जनता के विश्वास का सवाल है। उन्होंने प्रशासन से मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों को कानून के दायरे में लाया जाए, चाहे वे कितने भी प्रभावशाली क्यों न हों। उन्होंने कहा कि मामले में प्रभावशाली और आर्थिक रूप से मजबूत लोगों को संरक्षण देने का प्रयास किया जा रहा है, जबकि पीडि़त परिवार न्याय पाने के लिए लगातार संघर्ष कर रहा है। उन्होंने कहा कि यदि किसी आम परिवार को न्याय पाने के लिए सडकों पर उतरना पड़े और एक मां को आत्मदाह की चेतावनी देनी पड़े, तो यह प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। उन्होंने यह भी कहा कि कानून सभी के लिए समान होना चाहिए और किसी भी व्यक्ति को उसके प्रभाव या आर्थिक स्थिति के आधार पर विशेष संरक्षण नहीं मिलना चाहिए। इस अवसर पर संतोष सैणी, नीना सैणी, मार्शल, काला सैणी, विजय कुमार, नरेंद्र सैणी, रूप सिंह, तीर्थ राम, सुभाष चंद, अशोक कुमार सहित अन्य उपस्थित रहे। उधर, पुलिस अधीक्षक ऊना सचिन हिरेमठ ने कहा कि पुलिस मामले को लेकर निष्पक्ष जांच कर रही है। इस मामले में पुलिस ने कई महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्रित किए हैं। जिस वाहन में दीपांशु को जबरन ले जाने का आरोप लगाया गया था, उसे भी पुलिस ने कब्जे में लेकर जांच के दायरे में शामिल कर लिया है। इसके अलावा अन्य तकनीकी और भौतिक साक्ष्यों को भी जुटाया जा रहा है ताकि मामले की तह तक पहुंचा जा सके।
Next Story