भारत

छात्रों ने पैसे जोडक़र स्कूल के लिए खरीदा वाटर कूलर

Shantanu Roy
28 May 2026 11:27 PM IST
छात्रों ने पैसे जोडक़र स्कूल के लिए खरीदा वाटर कूलर
x
Padhar. पद्धर। प्रचंड गर्मी और जानलेवा हीटवेव के कारण आम जनजीवन अस्त-व्यस्त है। ऐसे चुनौतीपूर्ण समय में पद्धर स्थित असेंट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने एक ऐसी मिसाल पेश की है, जिसकी हर तरफ सराहना हो रही है। विद्यालय के सभी बच्चों ने अपनी जेबखर्च (पॉकेट मनी) और ऐच्छिक निधि से पैसे जोडक़र स्कूल को एक आधुनिक वॉटर कूलर दान किया है, ताकि इस भीषण गर्मी में कोई भी बच्चा प्यासा न रहे। मई के इस महीने में तापमान लगातार नए रिकॉर्ड तोड़ रहा है। ऐसे में स्कूली बच्चों के लिए सबसे बड़ी चुनौती पीने के साफ और ठंडे पानी की थी। इस समस्या को भांपते हुए विद्यालय के बच्चों ने किसी सरकारी मदद या प्रबंधन के भरोसे बैठने के बजाय खुद कुछ करने की ठानी। बच्चों ने अपनी रोज़ की छोटी-बड़ी बचतों को इक्क्ठा करना शुरू किया। देखते ही देखते यह एक मुहिम बन गई और सभी कक्षाओं के छात्रों ने इसमें बढ़-चढक़र अपना
योगदान दिया।


एकत्रित की गई इस राशि से एक बेहतरीन क्वालिटी का वॉटर कूलर खरीदा गया, जिसे अब स्कूल परिसर में स्थापित कर दिया गया है। इस पहल से अब स्कूल के सैकड़ों छात्र-छात्राओं को चिलचिलाती धूप के बीच भी पीने के लिए शीतल और स्वच्छ जल आसानी से मिल सकेगा। इस सराहनीय और नेक कार्य के उपलक्ष्य में स्कूल परिसर में एक संक्षिप्त कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जहाँ विद्यालय के प्रधानाचार्य गुलाब सिंह चौहान ने रिबन काटकर वॉटर कूलर का उद्घाटन किया। बच्चों के इस निस्वार्थ प्रयास को देखकर प्रधानाचार्य भावुक हो गए और उन्होंने पूरी छात्र संस्था का आभार व्यक्त किया। बच्चों को संबोधित करते हुए प्रधानाचार्य गुलाब सिंह चौहान ने कहा आज हमारे विद्यालय के बच्चों ने जो कर दिखाया है, वह केवल एक वॉटर कूलर का दान नहीं है, बल्कि यह उनके उच्च संस्कारों और सामाजिक जिम्मेदारी का प्रमाण है। जब देश इस वक्त भीषण गर्मी से जूझ रहा है, ऐसे में बच्चों ने अपनी इच्छाओं को मारकर, अपनी पॉकेट मनी से यह नेक काम किया है। उन्होंने कहा कि जीवन में जब भी हमारे सामने कोई समस्या, कमी या चुनौती आए, तो हमें केवल शिकायत करने या दूसरों पर निर्भर रहने के बजाय खुद आगे आना चाहिए।
Next Story