भारत

गर्दनीबाग में छात्रों के समर्थन में उतरे तेजस्वी यादव

SHIDDHANT
21 Aug 2026 9:25 PM IST
गर्दनीबाग में छात्रों के समर्थन में उतरे तेजस्वी यादव
x
Patna पटना। बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने शुक्रवार को पटना के गर्दनीबाग में विरोध-प्रदर्शन कर रहे छात्रों से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने छात्रों की समस्याएं सुनीं और सरकार पर परीक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर आरोप लगाए। तेजस्वी यादव ने कहा कि सरकार की जिम्मेदारी है कि परीक्षाएं निष्पक्ष तरीके से हों, समय पर आयोजित हों और उनके परिणाम भी तय समय सीमा के भीतर जारी किए जाएं। उन्होंने आरोप लगाया कि बिहार में बड़ी संख्या में पद खाली हैं, लेकिन समय पर परीक्षाएं नहीं हो रही हैं और कई मामलों में धांधली की शिकायतें सामने आ रही हैं।
आरजेडी नेता ने कहा कि छात्रों और युवाओं के भविष्य के साथ खिलवाड़ नहीं होना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि परीक्षा प्रक्रिया में गड़बड़ी के बावजूद सरकार ने अब तक किसी अधिकारी या मंत्री के खिलाफ कार्रवाई नहीं की है। तेजस्वी यादव ने प्रदर्शन कर रहे छात्रों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि उनकी मांगों के लिए राष्ट्रीय जनता दल मजबूती से उनके साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि छात्रों की लड़ाई को पार्टी पूरी ताकत के साथ उठाएगी और उनकी आवाज को सरकार तक पहुंचाने का काम करेगी।
गर्दनीबाग में बड़ी संख्या में छात्र अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। छात्रों की प्रमुख मांगों में समय पर परीक्षाओं का आयोजन, पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया और परीक्षा में कथित अनियमितताओं पर कार्रवाई शामिल है। तेजस्वी यादव ने कहा कि युवाओं को रोजगार और पारदर्शी भर्ती व्यवस्था देना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि अगर परीक्षाएं समय पर नहीं होंगी और परिणाम में देरी होगी तो इसका सीधा नुकसान अभ्यर्थियों को उठाना पड़ता है।
उन्होंने बिहार सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि प्रदेश के युवा लंबे समय से परेशान हैं, लेकिन उनकी समस्याओं का समाधान नहीं किया जा रहा है। उन्होंने सरकार से छात्रों की मांगों पर गंभीरता से विचार करने की अपील की। तेजस्वी यादव के इस दौरे के बाद बिहार की राजनीति में परीक्षा और भर्ती प्रक्रिया को लेकर बयानबाजी तेज हो गई है। आरजेडी ने साफ कर दिया है कि वह छात्रों के मुद्दों को लेकर सरकार के खिलाफ आवाज उठाती रहेगी।
Next Story