भारत

शिमला-मटौर एनएच पर मंगरोट में जमीन के मालिक ने किया कब्जा

Shantanu Roy
1 Jun 2025 4:53 PM IST
शिमला-मटौर एनएच पर मंगरोट में जमीन के मालिक ने किया कब्जा
x
Bilaspur. बिलासपुर। शिमला-मटौर राजमार्ग पर मंगरोट में भूमि को लेकर चल रहा विवाद न सुलझने के चलते एक बार फिर से राजनकांत ने करीब दो मीटर रास्ता वन-वे कर दिया। सडक़ पर एक तरफ झाडिय़ां लगाकर रास्ते को एकतरफा कर दिया है, जिसके चलते वाहनों का आवागमन प्रभावित हो रहा है। सूचना मिलने के बाद एसडीएम सदर ने राजस्व विभाग व पुलिस कर्मियों को मौके पर भेजा, लेकिन खबर लिखे जाने तक रास्ता बहाल नहीं हो पाया था। जानकारी के मुताबिक हाई-वे की यह भूमि राजनकांत की मां सीता देवी के
नाम है।

अपनी जमीन को कब्जा लेने के लिए राजनकांत ने गत तीन अप्रैल को लिखित तौर पर प्रशासन को कहा था कि एक सप्ताह में अगर प्रशासन ने अपना कब्जा नहीं हटाया तो वह मार्ग बंद कर देगा। यहां बता दें कि यह विवाद 2022 से चल रहा है। निशानदेही में 17 बिस्वा जमीन राजनकांत के मां के नाम निकली है, जिसकी रिपोर्ट तहसीलदार ने एसडीएम कोर्ट में जमा भी करवा दी है।

एसडीएम राजदीप सिंह ने बताया कि मंगरोट में एक व्यक्ति द्वारा एनएच पर झाडिय़ां रखकर रास्ते को एकतरफा किए जाने की सूचना मिलने के बाद राजस्व विभाग व पुलिस विभाग के अधिकारियों को सूचित कर था। इस मसले को लेकर नई फाइल रिपोर्ट मांगी गई है। इसके बाद ही आगामी कार्रवाई हो सकेगी। डीएसपी बिलासपुर मदन धीमान ने बताया कि मंगरोट में एक व्यक्ति ने फिर से झाडिय़ां रखकर सडक़ को वन वे कर दिया है। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर भेजी गई है।
Next Story