
x
चंडीगढ़। हरियाणा विधानसभा के अध्यक्ष हरविंदर कल्याण ने 15वीं हरियाणा विधानसभा के सदस्यों की जानकारी देने वाली महत्वपूर्ण ‘Who’s Who’ पुस्तिका का विमोचन किया। उन्होंने इसे विधानसभा का बेहद महत्वपूर्ण प्रकाशन बताते हुए कहा कि इसमें सभी माननीय सदस्यों से जुड़ी विस्तृत जानकारी संकलित की गई है। विधानसभा अध्यक्ष हरविंदर कल्याण ने कहा कि यह पुस्तिका केवल सदस्यों का परिचय भर नहीं है, बल्कि उनके जीवन, सामाजिक पृष्ठभूमि, सार्वजनिक जीवन और अन्य महत्वपूर्ण विवरणों को एक स्थान पर उपलब्ध कराने वाला महत्वपूर्ण दस्तावेज है। इससे विधानसभा सदस्यों के बारे में जानकारी प्राप्त करना आसान होगा।
उन्होंने पुस्तिका तैयार करने और प्रकाशित करने में योगदान देने वाली पूरी विधानसभा टीम को बधाई दी। विधानसभा सचिव, सलाहकार और प्रकाशन से जुड़े अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि इस दस्तावेज को तैयार करने में व्यापक स्तर पर जानकारी जुटाई गई है। हरविंदर कल्याण के मुताबिक ‘Who’s Who’ पुस्तिका में 15वीं विधानसभा के प्रत्येक सदस्य का विस्तृत परिचय दिया गया है। इसमें सदस्यों के व्यक्तिगत जीवन, राजनीतिक सफर, शिक्षा, सामाजिक योगदान और अन्य जरूरी जानकारियों को शामिल किया गया है।
विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि इस तरह के प्रकाशन लोकतांत्रिक संस्थाओं के दस्तावेजीकरण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। विधानसभा में आने वाले नए सदस्यों, अधिकारियों, शोधकर्ताओं और आम लोगों के लिए भी यह पुस्तिका उपयोगी संदर्भ सामग्री का काम करेगी। उन्होंने कहा कि विधायिका से जुड़े महत्वपूर्ण रिकॉर्ड और सदस्यों की जानकारी व्यवस्थित रूप से उपलब्ध होना जरूरी है। इससे विधानसभा की संस्थागत स्मृति मजबूत होती है और भविष्य में विभिन्न शोध एवं संदर्भ कार्यों के लिए प्रमाणिक सामग्री उपलब्ध रहती है।
पुस्तिका जारी करते हुए हरविंदर कल्याण ने विधानसभा सचिवालय की टीम के कार्य की प्रशंसा की और कहा कि सभी के संयुक्त प्रयासों से इस महत्वपूर्ण प्रकाशन को तैयार किया गया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह दस्तावेज जनप्रतिनिधियों और विधानसभा से जुड़ी जानकारी समझने में उपयोगी साबित होगा। 15वीं हरियाणा विधानसभा के गठन के बाद जारी यह ‘Who’s Who’ पुस्तिका सभी विधायकों की जानकारी को एक व्यवस्थित प्रारूप में प्रस्तुत करती है। विधानसभा अध्यक्ष ने इसे लोकतांत्रिक व्यवस्था और जनप्रतिनिधियों से जुड़ी महत्वपूर्ण संदर्भ सामग्री बताया।
Next Story





