भारत

सिल्क पार्क पहुंचे केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, बुनकरों को आधुनिक डिजाइन अपनाने की दी सलाह

SHIDDHANT
23 Nov 2026 10:16 PM IST
सिल्क पार्क पहुंचे केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह, बुनकरों को आधुनिक डिजाइन अपनाने की दी सलाह
x
कांचीपुरम। केंद्रीय कपड़ा मंत्री गिरिराज सिंह ने तमिलनाडु के कांचीपुरम के पास स्थित पेरारिग्नार अन्ना सिल्क पार्क का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने रेशमी साड़ियों के निर्माण की प्रक्रिया का निरीक्षण किया और बुनकरों से बातचीत कर बदलते बाजार के रुझानों के अनुरूप आधुनिक डिजाइन अपनाने का आग्रह किया।
दौरे के दौरान केंद्रीय मंत्री ने कांचीपुरम के हथकरघा क्लस्टर की संभावनाओं पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि कांचीपुरम का यह क्लस्टर हथकरघा क्षेत्र के महत्वपूर्ण क्लस्टरों में से एक है। यहां पारंपरिक रेशमी साड़ियों के साथ-साथ नए उत्पादों के निर्माण पर भी ध्यान देने की जरूरत है।
गिरिराज सिंह ने सुझाव दिया कि कांचीपुरम क्लस्टर में साड़ियों के अलावा ड्रेस मटेरियल का भी उत्पादन शुरू किया जाना चाहिए, ताकि निर्यात के लिए नए उत्पाद तैयार किए जा सकें। इससे स्थानीय बुनकरों को नए बाजारों से जुड़ने और अपने उत्पादों की पहुंच बढ़ाने का अवसर मिल सकता है।
केंद्रीय मंत्री ने बताया कि इस संबंध में क्लस्टर के प्रतिनिधियों के साथ चर्चा की गई है। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों ने इस प्रस्ताव पर सहमति जताई है और दूसरे क्लस्टरों के साथ भी सहयोग करने का आश्वासन दिया है। उन्होंने कहा कि निर्यात में विविधता लाने के लिए दोनों क्लस्टरों के बीच समन्वय स्थापित किया जाएगा। इस प्रक्रिया में जिला कलेक्टर भी समन्वय की भूमिका निभाएंगे। मंत्री के दौरे का मुख्य उद्देश्य कांचीपुरम के पारंपरिक रेशमी वस्त्र उद्योग को नए उत्पादों और निर्यात के अवसरों से जोड़ने की संभावनाओं पर चर्चा करना रहा।
Next Story