
x
मामूली बात बनी खूनी वारदात
Bihar बिहार: पूर्णिया जिले में मामूली विवाद ने हिंसक घटना का रूप ले लिया। मरंगा थाना क्षेत्र के सहारा मखनापार गांव में खेत में बकरी घुसने को लेकर हुए विवाद में एक युवक पर उसके पड़ोसी ने धारदार चाकू से हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है और उसे बेहतर इलाज के लिए सिलीगुड़ी रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार घायल युवक की पहचान सुबोध शर्मा के पुत्र दीपक कुमार के रूप में हुई है। बताया गया कि उनकी बकरी पड़ोसी बबलू कुमार के खेत में चली गई थी। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों में पहले कहासुनी हुई, जो बाद में तनाव में बदल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुछ समय बाद आरोपी बबलू कुमार गुस्से में दीपक के घर पहुंचा और उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमला इतना गंभीर था कि दीपक की गर्दन पर गहरा घाव हो गया और वह खून से लथपथ होकर गिर पड़ा।
घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। परिजन उसे तुरंत पूर्णिया के राजकीय चिकित्सा महाविद्यालय एवं अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए सिलीगुड़ी रेफर किया गया। डॉक्टरों के अनुसार अत्यधिक रक्तस्राव के कारण स्थिति नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी बबलू कुमार को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।
Next Story





