
x
केंद्रीय मंत्री की पहल से मिली राहत
MUMBAI मुंबई। बेहतर नौकरी और अच्छी कमाई की उम्मीद में दुबई गई महाराष्ट्र की एक महिला के साथ कथित धोखाधड़ी और शोषण का गंभीर मामला सामने आया है। महिला को होटल में नौकरी और प्रतिमाह 1.25 लाख रुपये वेतन देने का झांसा देकर दुबई बुलाया गया था। आरोप है कि वहां पहुंचने के बाद उसे देह व्यापार के लिए मजबूर किया गया। विरोध करने पर महिला का पासपोर्ट छीन लिया गया और उसे कथित तौर पर बंधक बनाकर रखा गया। इतना ही नहीं, उसकी रिहाई के बदले पांच लाख रुपये की मांग भी की गई।
जानकारी के मुताबिक, महिला का पति दिव्यांग है और परिवार की आर्थिक स्थिति ठीक नहीं है। इसी वजह से महिला विदेश में नौकरी की तलाश कर रही थी। इस दौरान व्हाट्सएप के माध्यम से एक व्यक्ति ने संपर्क कर उसे दुबई के होटल में नौकरी दिलाने का भरोसा दिया था। पत्नी के संकट में फंसने की जानकारी मिलने के बाद उसके पति ने पुणे के जंगली महाराज रोड स्थित केंद्रीय नागरिक उड्डयन राज्य मंत्री मुरलीधर मोहोल के कार्यालय पहुंचकर मदद की गुहार लगाई।
केंद्रीय मंत्री के कार्यालय की ओर से गुरुवार को जारी बयान के अनुसार, मामले में मंत्री मुरलीधर मोहोल ने हस्तक्षेप किया। विदेश मंत्रालय और भारतीय वाणिज्य दूतावास के सहयोग से महिला को सुरक्षित भारत वापस लाने की कार्रवाई की गई। महिला अब सुरक्षित मुंबई पहुंच चुकी है। उसकी स्वदेश वापसी से परिवार को बड़ी राहत मिली है। यह मामला विदेश में नौकरी दिलाने के नाम पर होने वाली धोखाधड़ी और मानव तस्करी के खतरे को भी उजागर करता है।
Next Story





