
x
वीडियो जारी कर मांगी माफी
बिहार। बिहार की महिलाओं और उनकी धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी करने के मामले में स्टैंड-अप कॉमेडियन और यूट्यूबर यश माहेश्वरी की मुश्किलें बढ़ गई हैं। महिलाओं के सिंदूर लगाने की परंपरा पर विवादित टिप्पणी के बाद पटना साइबर थाने में उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने नाराजगी जाहिर करते हुए कानूनी कार्रवाई की मांग की थी। बढ़ते विवाद के बीच यूट्यूबर ने वीडियो जारी कर माफी भी मांगी है।
जानकारी के अनुसार, विवाद की शुरुआत 21 नवंबर को यश माहेश्वरी के यूट्यूब चैनल @Almostyash पर अपलोड किए गए स्टैंड-अप कॉमेडी शो ‘Morally Questionable’ से हुई। दिल्ली-एनसीआर में रिकॉर्ड किए गए इस शो में उन्होंने बिहार की महिलाओं के सिंदूर लगाने की परंपरा को लेकर कथित तौर पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी।
बिहार में छठ पूजा सहित विभिन्न धार्मिक और सांस्कृतिक अवसरों पर कई महिलाएं नाक से लेकर माथे तक लंबा सिंदूर लगाती हैं। इसी परंपरा को लेकर यश माहेश्वरी ने अपने शो में विवादित मजाक किया था। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद बड़ी संख्या में यूजर्स ने इसकी आलोचना की। लोगों ने टिप्पणी को महिलाओं की गरिमा और बिहार की सांस्कृतिक परंपराओं का अपमान बताया।
मामले में पटना साइबर थाने ने 24 नवंबर को स्वतः संज्ञान लेते हुए यश माहेश्वरी के खिलाफ एफआईआर दर्ज की। पुलिस ने कांड संख्या 1550/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 75(1), 79, 351 और 352 के साथ आईटी एक्ट की धारा 66(C) और 66(D) के अंतर्गत मामला दर्ज किया है।
विवाद बढ़ने के बाद यश माहेश्वरी ने 24 नवंबर को अपने यूट्यूब चैनल पर माफीनामे का वीडियो जारी किया। उन्होंने अपनी टिप्पणी को गलत बताते हुए स्वीकार किया कि बिहार की सांस्कृतिक परंपराओं को लेकर उन्हें इस तरह का मजाक नहीं करना चाहिए था। उन्होंने भविष्य में अपने कंटेंट को लेकर अधिक सावधानी बरतने की बात भी कही।
इस घटनाक्रम के बाद सोशल मीडिया पर अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, धार्मिक एवं सांस्कृतिक संवेदनशीलता और डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स की जिम्मेदारी को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। फिलहाल माफी मांगने के बावजूद मामला सुर्खियों में बना हुआ है। पुलिस की आगामी कानूनी कार्रवाई पर निगाहें टिकी हुई हैं।
Next Story





