खेल
IND vs SA पहला टेस्ट: 'लो-स्कोरिंग' मुकाबले में भारत की हार, साउथ अफ्रीका ने बनाई 1-0 से लीड
jantaserishta.com
16 Nov 2025 2:29 PM IST

x
कोलकाता: साउथ अफ्रीका ने भारत के खिलाफ ईडन गार्डन्स में खेले गए 'लो-स्कोरिंग' टेस्ट मैच को 30 रन से अपने नाम किया। इसी के साथ मेहमान टीम ने दो मुकाबलों की सीरीज में 1-0 से बढ़त बना ली है। सीरीज का दूसरा मैच 22 नवंबर से गुवाहाटी में खेला जाएगा।
भारतीय टीम को दूसरी पारी में जीत के लिए महज 124 रन का टारगेट मिला था, लेकिन टीम इंडिया महज 93 रन ही बना सकी। कप्तान गिल गर्दन में चोट की वजह से दूसरी पारी में बल्लेबाजी के लिए नहीं उतरे।
टॉस जीतकर बल्लेबाजी के लिए उतरी साउथ अफ्रीकी टीम पहली पारी में महज 159 रन पर सिमट गई। एडेन मार्करम ने 31 रन बनाए, जबकि वियान मुल्डर और टोनी डी जोरजी ने 24-24 रन की पारी खेली। भारत की ओर से जसप्रीत बुमराह ने सर्वाधिक 5 विकेट हासिल किए, जबकि मोहम्मद सिराज और कुलदीप यादव ने 2-2 विकेट निकाले। इसके जवाब में भारतीय टीम पहली पारी में महज 189 रन पर सिमट गई। इस पारी में केएल राहुल ने सर्वाधिक 39 रन बनाए, जबकि वाशिंगटन सुंदर ने 29 रन टीम के खाते में जोड़े।
साउथ अफ्रीका की तरफ से साइमन हार्मर ने सर्वाधिक 4 विकेट हासिल किए, जबकि मार्को जेनसन को 3 सफलताएं हाथ लगीं। भारत के पास पहली पारी के आधार पर महज 30 रन की बढ़त थी। दूसरी पारी में कप्तान टेंबा बावुमा चौथे नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे और 136 गेंदों में 4 चौकों के साथ नाबाद 55 रन बनाए, लेकिन दूसरे छोर पर कोई बल्लेबाज उनका साथ नहीं दे सका। साउथ अफ्रीकी टीम दूसरी पारी में महज 153 रन पर सिमट गई।
इस पारी में रवींद्र जडेजा ने चार विकेट अपने नाम किए, जबकि कुलदीप यादव और मोहम्मद सिराज को 2-2 विकेट हाथ लगे। तीसरे दिन की शुरुआत से पहले भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने स्पष्ट कर दिया था कि कप्तान शुभमन गिल गर्दन में चोट की वजह से मुकाबले का शेष हिस्सा नहीं खेलेंगे। ऐसे में यशस्वी जायसवाल के साथ केएल राहुल बतौर सलामी बल्लेबाज मैदान पर उतरे, लेकिन चौथी गेंद पर ही साझेदारी टूट गई। जायसवाल खाता खोले बगैर पवेलियन लौट गए। तीसरे ओवर तक केएल राहुल (1) भी आउट हो गए थे।
यहां से वाशिंगटन सुंदर ने ध्रुव जुरेल के साथ तीसरे विकेट के लिए 32 रन की साझेदारी करते हुए टीम को संभालने की कोशिश की, लेकिन साझेदारी टूटते ही मेजबान टीम फिर से लड़खड़ा गई। इस बीच अक्षर पटेल ने 17 गेंदों में 2 छक्कों और 1 चौके के साथ 26 रन बनाए। उन्होंने 35वें ओवर में तीन बाउंड्री जड़ी, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके।
साउथ अफ्रीका की तरफ से साइमन हार्मर ने सर्वाधिक 4 विकेट हासिल किए, जबकि मार्को जेनसन और केशव महाराज ने 2-2 विकेट निकाले। एडेन मार्करम ने एक विकेट अपने नाम किया।
jantaserishta.com
भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।
Next Story





