खेल

इंग्लैंड फिर बना T20I नंबर-1: श्रीलंका को 3-0 से हराया, 55 दिन बाद भारत से छीना शीर्ष स्थान

jantaserishta.com
20 Sept 2026 12:51 PM IST
इंग्लैंड फिर बना T20I नंबर-1: श्रीलंका को 3-0 से हराया, 55 दिन बाद भारत से छीना शीर्ष स्थान
x
नई दिल्ली: इंग्लैंड ने श्रीलंका के खिलाफ टी-20 सीरीज में शानदार प्रदर्शन करते हुए तीनों मुकाबले जीत लिए। मैनचेस्टर में खेले गए तीसरे मैच में इंग्लैंड ने श्रीलंका को 8 विकेट से मात दी। इस जीत के साथ इंग्लिश टीम ने सीरीज 3-0 से अपने नाम की और ICC T20I रैंकिंग में भारत को पीछे छोड़कर फिर से नंबर-1 स्थान हासिल कर लिया।
इंग्लैंड ने 124 रन के लक्ष्य को महज 9.4 ओवर में दो विकेट गंवाकर हासिल कर लिया। टीम ने जीत के लिए जरूरी रन पूरे किए तो उसके खाते में 62 गेंद बाकी थीं। 120 या उससे ज्यादा रन के लक्ष्य का यह T20I क्रिकेट में सबसे तेज पीछा बताया गया है।
55 दिन बाद इंग्लैंड ने दोबारा हासिल की बादशाहत
इंग्लैंड ने 11 जुलाई को भारत के खिलाफ 4-0 की सीरीज जीत के बाद T20I रैंकिंग में पहला स्थान हासिल किया था। हालांकि यह स्थिति ज्यादा समय तक नहीं रही। 26 जुलाई को जिम्बाब्वे के खिलाफ सीरीज में 2-0 की बढ़त बनाते ही भारत ने शीर्ष रैंकिंग वापस ले ली थी।
अब 19 सितंबर को श्रीलंका के खिलाफ 3-0 की जीत के बाद इंग्लैंड ने एक बार फिर भारत को पीछे कर दिया। इस तरह करीब 55 दिन बाद इंग्लिश टीम दोबारा T20I रैंकिंग में सबसे ऊपर पहुंच गई।
भारत इससे पहले 20 फरवरी 2022 को पहली बार T20I रैंकिंग में नंबर-1 बना था। उसका पहला शीर्ष कार्यकाल 1,605 दिनों तक चला था। जुलाई 2026 में इंग्लैंड ने भारत को 4-0 से हराकर यह स्थान अपने नाम किया था।
बटलर ने 32 गेंदों पर बनाए नाबाद 62 रन
लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर ने तेजी से रन बनाए। उन्होंने 32 गेंदों में नाबाद 62 रन की पारी खेली, जिसमें सात चौके और दो छक्के शामिल रहे। उनका स्ट्राइक रेट 193.75 रहा। बटलर ने छक्का लगाकर टीम को जीत तक पहुंचाया।
बटलर और हैरी ब्रुक ने दूसरे विकेट के लिए सिर्फ 38 गेंदों में 85 रन जोड़े। दोनों की आक्रामक बल्लेबाजी का असर पावरप्ले में ही दिख गया और इंग्लैंड ने शुरुआती छह ओवरों में 82 रन बना लिए। ब्रुक 33 रन बनाकर रन आउट हुए।
इस अर्धशतकीय पारी के साथ बटलर के नाम T20I में 50 या उससे ज्यादा रन बनाने की 32 पारियां हो गईं। उन्होंने पाकिस्तान के मोहम्मद रिजवान को पीछे छोड़ दिया, जिनके नाम 31 ऐसी पारियां हैं। इस आंकड़े में बाबर आजम 42, विराट कोहली 39 और रोहित शर्मा 37 बार 50+ रन के साथ आगे हैं।
124 रन पर सिमटा श्रीलंका
पहले बल्लेबाजी करने उतरी श्रीलंकाई टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही। सॉनी बेकर ने लाहिरू उदारा को आउट किया, जबकि विल जैक्स ने पावरप्ले में दो विकेट लेकर श्रीलंका पर दबाव बढ़ा दिया। पाथुम निसंका ने 24 गेंदों में 36 रन बनाए।
कमिंदु मेंडिस ने 28 गेंदों में 35 रन की पारी खेली। उन्होंने तीन चौके और दो छक्के लगाए, लेकिन दूसरे छोर से उन्हें लगातार साझेदारी नहीं मिल सकी।
इसके बाद श्रीलंका के विकेट तेजी से गिरने लगे। चरित असलंका और ईशान मलिंगा रन आउट हुए, जबकि वानिंदु हसरंगा हिट विकेट होकर पवेलियन लौटे। आखिरी छह विकेट श्रीलंका ने सिर्फ 17 रन के अंदर गंवा दिए और पूरी टीम 18.5 ओवर में 124 रन पर ऑलआउट हो गई। इंग्लैंड की ओर से सॉनी बेकर, जोफ्रा आर्चर और विल जैक्स ने दो-दो विकेट लिए। जेमी ओवरटन को एक सफलता मिली। बेकर ने 3.5 ओवर में सिर्फ 17 रन देकर दो विकेट लिए और उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया। पूरी सीरीज में उन्होंने छह विकेट लिए और उनकी इकोनॉमी 3.71 रही।
इस जीत के साथ इंग्लैंड ने श्रीलंका के खिलाफ लगातार 15वां T20I मुकाबला जीता है। इसके जरिए इंग्लिश टीम ने किसी फुल मेंबर टीम के खिलाफ लगातार सबसे ज्यादा T20I जीत के रिकॉर्ड की बराबरी भी कर ली।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story