
न्यूयॉर्क: यूएस ओपन 2026 में फ्रांस के दिग्गज टेनिस खिलाड़ी गेल मोनफिल्स ने एक बार फिर अपने शानदार खेल और मनोरंजक अंदाज से दर्शकों का दिल जीत लिया। अपने 40वें जन्मदिन पर कोर्ट में उतरे मोनफिल्स ने पराग्वे के एडोल्फो डेनियल वायेहो के खिलाफ पहले दौर के मुकाबले में जबरदस्त वापसी करते हुए 2-6, 6-1, 6-2, 6-0 से जीत दर्ज की। मुकाबले का सबसे यादगार पल मोनफिल्स के शानदार फोरहैंड विनर के दौरान देखने को मिला। तीसरे सेट में 1-1 और 30-30 के स्कोर पर लंबी रैली के बाद मोनफिल्स ने डाउन-द-लाइन तेज फोरहैंड विनर लगाया। इस शॉट ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया और उन्होंने हाथ उठाकर न्यूयॉर्क के दर्शकों को और शोर मचाने के लिए प्रोत्साहित किया।
GAEL MONFILS OH MY GODDDDLeaping slap shot forehand winner. 40 years old, doing things nobody else in the sport attempts.One of the greatest entertainers in all of sports.🤯🤯🤯🤯🤯🤯 pic.twitter.com/1iTNjwos6M
— The Tennis Letter (@TheTennisLetter) September 2, 2026
इसके बाद भी मोनफिल्स का शो जारी रहा। चौथे सेट की शुरुआत में उन्होंने उछलते हुए एक और शानदार फोरहैंड विनर लगाया। शॉट इतना शानदार था कि लुई आर्मस्ट्रांग स्टेडियम में मौजूद दर्शक जोरदार तालियों और उत्साह के साथ खड़े हो गए। मोनफिल्स ने भी कोर्ट के बीच में झुककर दर्शकों का अभिवादन किया। मोनफिल्स के लिए यह मुकाबला इसलिए भी बेहद खास था क्योंकि इसी दिन उन्होंने अपना 40वां जन्मदिन मनाया। पहला सेट 2-6 से गंवाने के बाद उन्होंने शानदार वापसी की और अगले तीनों सेट अपने नाम कर लिए। दूसरे सेट में उन्होंने वायेहो को 6-1 और तीसरे सेट में 6-2 से हराया। चौथे सेट में उनका दबदबा इतना मजबूत रहा कि उन्होंने प्रतिद्वंद्वी को एक भी गेम नहीं जीतने दिया और सेट 6-0 से अपने नाम कर लिया। जीत के बाद स्टेडियम का माहौल और भी खास हो गया। दर्शकों ने मोनफिल्स के लिए जन्मदिन का गीत गाया। मोनफिल्स ने भी न्यूयॉर्क के दर्शकों से मिले जबरदस्त समर्थन के लिए आभार जताया और कहा कि माहौल अविश्वसनीय था।





