खेल

खिताबी हार के बाद कोच पद छोड़ेंगे स्कालोनी?

Saba Naaz
20 July 2026 4:35 PM IST
खिताबी हार के बाद कोच पद छोड़ेंगे स्कालोनी?
x

फीफा वर्ल्ड कप 2026: फाइनल में अर्जेंटीना का खिताब बचाने का सपना टूट गया। स्पेन के खिलाफ खेले गए रोमांचक मुकाबले में अर्जेंटीना को हार का सामना करना पड़ा। इस हार के बाद अर्जेंटीना के मुख्य कोच लियोनेल स्कालोनी भावुक हो गए और अपने आंसुओं को रोक नहीं पाए। टीम की हार का दर्द उनके चेहरे पर साफ नजर आया।

न्यूयॉर्क के न्यू जर्सी स्टेडियम में खेले गए इस खिताबी मुकाबले में अर्जेंटीना और स्पेन के बीच कड़ा मुकाबला देखने को मिला। अर्जेंटीना की टीम इससे पहले 2022 में कतर में हुए फीफा वर्ल्ड कप में चैंपियन बनी थी और इस बार खिताब बचाने के इरादे से मैदान पर उतरी थी। हालांकि, स्पेन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अर्जेंटीना को मात दी और दूसरी बार विश्व कप ट्रॉफी अपने नाम कर ली।

मैच के बाद अर्जेंटीना के कोच लियोनेल स्कालोनी बेहद निराश दिखाई दिए। प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अपनी भावनाओं पर काबू नहीं रख सके और उनकी आंखों से आंसू निकल आए। उन्होंने कहा कि यह हार उनके लिए बेहद दर्दनाक है। उन्होंने टीम के खिलाड़ियों और पूरे सफर को याद करते हुए कहा कि इस तरह की मजबूत टीम बनाना आसान नहीं होता।

स्कालोनी ने कहा, "हमारे खिलाड़ियों को बहुत ही महत्वपूर्ण समय में चोट लगी, जिसकी हमें उम्मीद नहीं थी। मैं सभी के सपनों के लिए यहां हूं और इस मौके के लिए अपने प्रेसिडेंट को धन्यवाद देता हूं। इस तरह का ग्रुप तैयार करना बहुत मुश्किल होता है। हार के बाद मुझे दिल से दुख हुआ है।"

अर्जेंटीना के कोच ने अपने भविष्य को लेकर भी संकेत दिए। उनसे पूछा गया कि क्या वह आगे भी टीम के कोच बने रहेंगे या पद छोड़ देंगे। इस पर स्कालोनी ने कहा कि वह अर्जेंटीना फुटबॉल एसोसिएशन के अध्यक्ष क्लाउडियो टापिया से इस बारे में बातचीत करेंगे।

उन्होंने कहा, "मैं प्रेसिडेंट से बात करूंगा। मुझे पता है कि मैं क्या करना चाहता हूं। मैं अपना कॉन्ट्रैक्ट पूरा करने की कोशिश करूंगा और मुझे इसकी जरूरत महसूस हो रही है। मुझे नहीं पता कि मैं इसे कर पाऊंगा या नहीं।"

स्कालोनी के नेतृत्व में अर्जेंटीना ने पिछले कुछ वर्षों में शानदार सफलता हासिल की है। उनकी कोचिंग में टीम ने 2022 फीफा वर्ल्ड कप जीता था और इससे पहले कोपा अमेरिका खिताब भी अपने नाम किया था। उन्होंने अर्जेंटीना को एक मजबूत और संतुलित टीम के रूप में तैयार किया, जिसकी पूरी दुनिया में तारीफ हुई।

वहीं, फाइनल मुकाबले में स्पेन ने इतिहास रच दिया। स्पेन ने अर्जेंटीना को हराकर दूसरी बार फीफा वर्ल्ड कप का खिताब जीता। इससे पहले स्पेन ने 2010 में पहली बार विश्व कप ट्रॉफी अपने नाम की थी। खास बात यह रही कि स्पेन ने अब तक दो बार विश्व कप फाइनल खेला है और दोनों बार जीत हासिल की है।

अर्जेंटीना के लिए यह हार बेहद निराशाजनक रही, क्योंकि टीम लगातार दूसरी बार विश्व कप जीतने की उम्मीद लेकर मैदान में उतरी थी। कप्तान और खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया, लेकिन फाइनल में स्पेन की रणनीति और प्रदर्शन भारी पड़ गया।

अब सभी की नजरें लियोनेल स्कालोनी के अगले फैसले पर टिकी हैं। हालांकि उन्होंने फिलहाल पद छोड़ने को लेकर कोई अंतिम फैसला नहीं लिया है, लेकिन उनकी भावुक प्रतिक्रिया ने साफ कर दिया कि अर्जेंटीना की यह हार उनके लिए सिर्फ एक मैच की हार नहीं बल्कि एक बड़ा भावनात्मक झटका है।

Next Story