विश्व

एक और तेल टैंकर में धमाका, नेव‍िगेशन बंद कर प्रत‍िबंध‍ित रास्‍ते से न‍िकलने की कोश‍िश में बारूदी सुरंग से टकराया

jantaserishta.com
19 Oct 2026 10:12 AM IST
एक और तेल टैंकर में धमाका, नेव‍िगेशन बंद कर प्रत‍िबंध‍ित रास्‍ते से न‍िकलने की कोश‍िश में बारूदी सुरंग से टकराया
x
तेहरान: होर्मुज स्‍ट्रेट में एक और तेल टैंकर समुद्री बारूदी सुरंग की भेंट चढ़ गया। ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) ने बताया कि दक्षिणी हिस्से में बारूदी सुरंग से टकराकर तेल टैंकर के इंजन रूम में आग लग गई।
आईआरजीसी का आरोप है कि जहाज ने जीपीएस और नेविगेशन सिस्टम बंद कर रखा था और अनाधिकृत रास्ते से निकलने की कोशिश कर रहा था। समाचार एजेंस श‍िन्‍हुआ की र‍िपोर्ट के अनुसार, ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) नौसेना ने सोमवार तड़के इस हादसे की जानकारी दी।
आईआरजीसी के आधिकारिक समाचार मंच 'सिपाह न्यूज' में जारी बयान के अनुसार, धमाके के बाद टैंकर के इंजन रूम में आग लग गई। जहाज का जीपीएस और अन्य नेविगेशन सिस्टम बंद था। जहाज नियमों का पालन करने के बजाय वह जलडमरूमध्य से निकलने के लिए दक्षिणी हिस्से में एक प्रत‍िबंध‍ित रास्ते का इस्तेमाल कर रहा था।
श‍िन्‍हुआ के अनुसार, आईआरजीसी नौसेना ने चेतावनी दी कि होर्मुज स्‍ट्रेट और उसके आसपास के समुद्री क्षेत्र से गुजरने वाले जहाज अगर अपने नेविगेशन या पहचान संबंधी सिस्टम बंद करते हैं, तो उनके खिलाफ कड़ी और निर्णायक कार्रवाई की जाएगी।
ईरान ने 28 फरवरी को इस जलडमरूमध्य पर अपनी निगरानी और नियंत्रण और सख्त कर दिया था। यह कदम ईरानी क्षेत्र पर इजरायल और अमेरिका के संयुक्त हमलों के बाद उठाया गया था। इसके बाद ईरान ने इजरायल और अमेरिका से जुड़े या उनसे संबद्ध जहाजों के लिए इस मार्ग से सुरक्षित आवाजाही पर रोक लगा दी थी।
होर्मुज स्‍ट्रेट दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण समुद्री व्यापार मार्गों में से एक माना जाता है, जहां से बड़ी मात्रा में वैश्विक तेल और गैस की ढुलाई होती है। इसलिए इस क्षेत्र में होने वाली किसी भी घटना पर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर करीब से नजर रखी जाती है।
इससे पहले शन‍िवार को भी एक सुपरटैंकर बारूदी सुरंग (माइन) से टकराकर आग की चपेट में आ गया था। इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) की नौसेना के मुताब‍िक जहाज नियमों का उल्लंघन कर अनधिकृत रास्ते से गुजरने की कोशिश कर रहा था।
बयान में कहा गया कि सुपरटैंकर ने अपने सभी लोकेशन ट्रैकिंग और रडार सिस्टम बंद कर दिए थे। आईआरजीसी ने आरोप लगाया कि जहाज ने धोखे से जलडमरूमध्य पार करने की कोशिश की और उसे अमेरिकी सेना का समर्थन प्राप्त था।
jantaserishta.com

jantaserishta.com

भारत के भले ही किसी कोने में आप रह रहे हों, जनता से रिश्ता वेबसाइट पर आपके राज्य की हर छोटी-बड़ी खबर मिलेगी। राजनीति, खेल, चुनाव, बिजनेस, सिनेमा, इस प्लैटफॉर्म पर बस एक क्लिक करते ही हमेशा पाएं ताजा खबरें। उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, राजस्थान, महाराष्ट्र, गुजरात, छत्तीसगढ़, झारखंड, हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल समेत देश के बाकी राज्यों और शहरों की कोई जानकारी हो, हम आपको देते हैं। सियासी रण हो या बजट का मौसम, कहां चल रहा क्या सियासी दांव-पेच, आपके गांव में किसकी सरकार, हर अपडेट यहां आपको मिलेंगे। तो फिर अपने राज्य की हर हलचल के लिए जुड़े रहिए जनता से रिश्ता के साथ।

    Next Story