विश्व

बर्फबारी से बिगड़े हालात: नेपाल में एडवेंचर स्पोर्ट्स पर ब्रेक, ट्रैकिंग परमिट सस्पेंड

Tara Tandi
28 Oct 2026 12:52 PM IST
बर्फबारी से बिगड़े हालात: नेपाल में एडवेंचर स्पोर्ट्स पर ब्रेक, ट्रैकिंग परमिट सस्पेंड
x
काठमांडू: नेपाल के आव्रजन विभाग (डिपार्टमेंट ऑफ इमिग्रेशन) ने 29 से 31 अक्टूबर तक ऊंचे पहाड़ी और हिमालयी क्षेत्रों के प्रतिबंधित इलाकों के लिए ट्रेकिंग परमिट जारी करने पर रोक लगा दी है। इसका कारण भारी बर्फबारी, बर्फीले तूफान और हिमस्खलन (एवलांच) का अधिक खतरा बताया गया है।
यह फैसला 'नेशनल डिजास्टर रिस्क रिडक्शन एंड मैनेजमेंट अथॉरिटी' (राष्ट्रीय आपदा जोखिम न्यूनीकरण और प्रबंधन प्राधिकरण) की उस चेतावनी के बाद लिया गया है, जिसमें पर्यटकों से इन तीन दिनों के दौरान इन इलाकों की यात्रा न करने की अपील की गई थी।
नेपाल मौसम विज्ञान विभाग द्वारा जारी एक विशेष 'पोस्ट-मानसून' बुलेटिन में पहले ही बताया गया था कि बंगाल की खाड़ी में बना चक्रवात 'अर्नब' ताकतवर हो रहा है। इसके चलते हिमालयी देश के कई हिस्सों में भारी बारिश, तेज हवाएं चलने और बर्फबारी व हिमस्खलन का बड़ा खतरा है।
आव्रजन विभाग, जो प्रतिबंधित इलाकों में जाने वाले विदेशी नागरिकों को ट्रेकिंग परमिट जारी करता है, ने उन ट्रेकर्स से भी अपील की है जिनके पास पहले से ही इन पहाड़ी और हिमालयी क्षेत्रों के लिए परमिट हैं कि वे इस दौरान अपनी ट्रेकिंग रोक दें, ताकि किसी भी संभावित खतरे को कम किया जा सके।
बयान में कहा गया है, "जो लोग पहले ही अपनी ट्रेकिंग के लिए निकल चुके हैं, उनसे सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की जाती है।"
आव्रजन प्राधिकरण ने ट्रेकिंग एजेंसियों, ट्रेकर्स, गाइडों और अन्य संबंधित लोगों से भी इस नोटिस का पालन करने को कहा है।
आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने पर्यटकों को सावधानी बरतने की सलाह दी है और चेतावनी दी है कि सड़क और हवाई परिवहन सेवाओं के साथ-साथ रोजमर्रा की जिंदगी पर भी असर पड़ सकता है। लोगों से अपील की गई है कि वे इस दौरान बहुत जरूरी न होने पर यात्रा करने से बचें।
प्राधिकरण ने कहा, "लोगों को अधिक जोखिम वाले इलाकों में रुकने से बचना चाहिए, खासकर नदियों के किनारे, जहां बाढ़ आने का खतरा हो सकता है।" साथ ही, लोगों से यह भी कहा गया है कि वे प्राधिकरण, नेपाल मौसम विज्ञान विभाग और अन्य संबंधित सरकारी एजेंसियों द्वारा जारी मौसम के पूर्वानुमान और शुरुआती चेतावनियों पर लगातार नजर रखें।
नेपाल में हाल के हफ्तों में ऐसी चेतावनियां आम हो गई हैं। इसकी वजह 26 अगस्त को आई विनाशकारी बाढ़ है, जो नेपाल-चीन सीमा के पास एक नदी के हिमस्खलन से अवरुद्ध होने और फिर एक प्राकृतिक बांध के टूटने के कारण आई थी। आपदा प्राधिकरण के अनुसार, इस आपदा में लगभग 1,500 लोगों की मौत हो गई, जबकि 5,000 से अधिक लोग अभी भी लापता हैं।
इस बाढ़ में कई बस्तियां, सड़कें, पुल और बिजली के बुनियादी ढांचे भी बह गए थे। विश्व बैंक ने भौतिक नुकसान का अनुमान लगभग 1.66 अरब अमेरिकी डॉलर लगाया है।
Next Story