विश्व

अनजान हमले का श‍िकार 'एवर लवली' जहाज होर्मुज स्‍ट्रेट से न‍िकला बाहर

SHIDDHANT
26 Jun 2026 10:21 PM IST
अनजान हमले का श‍िकार एवर लवली जहाज होर्मुज स्‍ट्रेट से न‍िकला बाहर
x
Singapore सिंगापुर: सिंगापुर में रजिस्टर्ड कंटेनर जहाज 'एवर लवली' को गुरुवार को होर्मुज स्‍ट्रेट से गुजरते समय किसी अनजान हमले से मामूली नुकसान हुआ। जहाज पर मौजूद सभी 21 क्रू सदस्य सुरक्षित हैं। जहाज होर्मुज स्‍ट्रेट पार कर चुका है और अपनी आगे की यात्रा जारी रखे हुए है। यह जानकारी सिंगापुर के मैरीटाइम एंड पोर्ट अथॉरिटी (एमपीए) ने शुक्रवार को दी। एमपीए ने कहा, "हम इस घटना को लेकर बहुत चिंतित हैं। यह हमला बिना किसी उकसावे के किया गया, इसका कोई जायज कारण नहीं था और यह अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन है।
एमपीए ने कहा कि समुद्र में चलने वाले जहाजों से जुड़ी सभी कार्रवाइयां अंतरराष्ट्रीय कानून, खासकर यूनाइटेड नेशंस कन्वेंशन ऑन लॉ ऑफ द सी (यूएनसीएलओएस) के अनुसार होनी चाहिए और इससे समुद्र में मौजूद जहाजों और नाविकों की सुरक्षा खतरे में नहीं पड़नी चाहिए। गुरुवार को यूनाइटेड किंगडम मैरीटाइम ट्रेड ऑपरेशंस (यूकेएमटीओ) ने भी चेतावनी जारी की थी कि ओमान के तट के पास एक मालवाहक जहाज पर किसी अज्ञात चीज से हमला हुआ, जिससे उसके ब्रिज वाले हिस्से को नुकसान पहुंचा, लेकिन किसी की जान नहीं गई। यूकेएमटीओने बताया कि उसे जानकारी मिली थी कि एक मालवाहक जहाज के ओमान के दाहित इलाके से करीब 7.5 समुद्री मील दक्षिण-पूर्व में दाहिने हिस्से पर किसी चीज की टक्कर हुई थी।
जहाज के कप्तान ने बताया कि क्रू के किसी सदस्य को चोट नहीं आई और घटना के कारण पर्यावरण को भी कोई नुकसान नहीं हुआ। यूकेएमटीओ ने कहा कि अधिकारी इस घटना की जांच कर रहे हैं। उसने इस इलाके से गुजरने वाले जहाजों को सावधानी बरतने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी देने की सलाह दी है। गुरुवार को ईरान की इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) ने कहा कि होर्मुज स्‍ट्रेट से जहाजों के गुजरने के लिए सिर्फ वही रास्ते अधिकृत हैं, जिन्हें ईरानी अधिकारियों ने तय किया है। आईआरजीसी ने यह बात अपनी आधिकारिक समाचार वेबसाइट सेपाह न्यूज पर जारी बयान में कही। बयान में चेतावनी दी गई कि इन तय रास्तों के अलावा दूसरे मार्गों से जहाजों की आवाजाही खतरनाक और प्रतिबंधित है। बयान में कहा गया कि सभी को यह पता होना चाहिए कि होर्मुज स्‍ट्रेट से गुजरने के लिए केवल वही रास्ते इस्तेमाल किए जाएं, जो ईरान ने बताए हैं। इसके बाहर से गुजरना बहुत खतरनाक है और इससे बचना चाहिए।
Next Story