अमेरिकी सेना को भारी नुकसान, ईरान जंग में अपने 16 जवान खो दिए

बड़ी खबर. ईरान के साथ चल रहे युद्ध में अमेरिकी सेना को भी भारी नुकसान उठाना पड़ा है. हाल ही में इस युद्ध में दो और अमेरिकी सैनिक मारे गए हैं. इसके साथ ही अब ईरान जंग में जान गंवाने वाले अमेरिकी सैनिकों की संख्या बढ़कर 16 हो गई है.
अमेरिकी सेंट्रल कमांड सेंटकॉम ने बयान जारी करते हुए बताया कि जॉर्डन में दो अमेरिकी सैनिकों की मौत हो गई है. बता दें कि शांति वार्ता टूटने के बाद से मिडिल ईस्ट में तनाव बढ़ गया है. ऐसे में वहां तैनात अमेरिकी सेना के कारण दूसरे देश भी ईरान के निशाने पर आ गए हैं. इसी साल 28 फरवरी को शुरू हुई जंग के कुछ ही समय बाद कुवैत के एक नागरिक बंदरगाह पर ईरान ने ड्रोन हमला किया था. इस हमले में एक साथ 6 अमेरिकी सैनिक मारे गए थे. ये सभी सैनिक आयोवा के एक सप्लाई और लॉजिस्टिक्स यूनिट का हिस्सा थे. वो एक शिपिंग कंटेनर जैसी इमारत में काम कर रहे थे, जहां सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं थे.
इसके बाद, 1 मार्च को सऊदी अरब के प्रिंस सुल्तान एयर बेस पर ईरान ने हमला किया था. इस हमले में घायल हुआ सातवां अमेरिकी सैनिक एक हफ्ते से ज्यादा समय तक जिंदगी और मौत की जंग लड़ता रहा, लेकिन फिर दम तोड़ दिया. मार्च में इराक में ईरान के खिलाफ अमेरिकी सैन्य अभियानों का समर्थन कर रहा एक केसी-135 रिफ्यूलिंग विमान क्रैश हो गया था. इस विमान हादसे में फिर 6 अमेरिकी सैनिकों की मौत हो गई. इस तरह कुल 13 अमेरिकी सैनिकों की जान चली गई.
बीते सोमवार को अमेरिकी सेना ने बताया कि अरब सागर में एक हेलीकॉप्टर क्रैश होने से नौसेना के एक पायलट की मौत हो गई. वहीं, अब जॉर्डन में ईरानी बैलिस्टिक मिसाइल और ड्रोन हमलों में दो और अमेरिकी सैनिक मारे गए. अमेरिकी सेना की मानें तो इस हमले के बाद से एक अमेरिकी सैनिक फिलहाल लापता भी है.





