Gold धड़ाम! क्या ₹1 लाख तक आएगा सोना? लगातार गिरावट के बीच जानिए एक्सपर्ट्स की राय
नई दिल्ली": सोना-चांदी की कीमतों में लगातार गिरावट देखने को मिल रही है और खरीदारों के लिए ये बेहतरीन मौका है. जहां एक ओर वायदा कारोबार में चांदी दनादन गिरावट के साथ सस्ती होती जा रही है, तो कीमती पीली धातु यानी सोना भी इसकी चाल से चाल मिलाकर चलते हुए टूट रहा है. मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज यानी MCX पर सोमवार को सोना एक झटके में करीब 1400 रुपये सस्ता हो गया. इस गिरावट को देखते हुए बीते कुछ दिनों पहले आए एक्सपर्ट्स के अनुमान सच साबित होते दिखाई दे रहे हैं, जिनमें कहा गया था कि सोने का भाव 1 लाख रुपये के स्तर तक टूट सकता है.
सप्ताह के पहले कारोबारी दिन सोमवार को जैसे ही एमसीएक्स पर वायदा कारोबार की शुरुआत हुई, दोनों कीमती धातुओं का भाव धड़ाम नजर आया. MCX Gold Rate में आए चेंज पर नजर डालें, तो 4 दिसंबर की एक्सपायरी वाला 10 ग्राम 24 कैरेट सोना बीते सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन 1,36,705 रुपये पर क्लोज हुआ था और ये अब खुलते ही बड़ी गिरावट लेकर 1,35,312 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया. इस हिसाब से कैलकुलेशन करें, तो सोना 1,393 रुपये प्रति 10 ग्राम सस्ता हो गया है.
4 दिसंबर की एक्सपायरी वाले 24 कैरेट गोल्ड का एमसीएक्स पर लाइफ टाइम हाई लेवल 1,77,590 रुपये है और यहां से ये कीमती धातु लगातार क्रैश नजर आ रही है. वर्तमान भाव से तुलना करें, तो अब 10 Gram 24 Karat Gold इस हाई लेवल से 42,278 रुपये तक सस्ता हो गया है. यानी अगर वायदा सोने में निवेश करने का प्लान है, तो ये मौका आपके लिए बेहद शानदार साबित हो सकता है.
सोने की कीमतों में रिकॉर्ड करेक्शन देखने को मिल रहा है. अंतरराष्ट्रीय बाजार में जनवरी के रिकॉर्ड हाई से सोना करीब 30 फीसदी नीचे आ चुका है, जबकि भारतीय बाजार में भी इसके गिरने का सिलसिला जारी है. जहां फेस्टिव सीजन में सोना सस्ता हुआ, तो वहीं अब शादियों के सीजन से पहले इसमें गिरावट तेज हो गई है. ऐसे में बीते अक्टूबर महीने में आईं रिपोर्ट्स में सोने में शॉर्ट टर्म करेक्शन को लेकर बड़ी संभावनाएं जताई गई थीं, जो सच होती नजर आ रही हैं.
एक्सपर्ट्स के अनुमानों पर गौर करें, तो इनमें शॉर्ट टर्म में अंतरराष्ट्रीय स्पॉट गोल्ड में 4,025-3,950 डॉलर प्रति औंस तक गिरावट की गुंजाइश बताई गई थी और कहा गया था कि भारतीय बाजार में भी सोने में करेक्शन संभव है. उन्होंने कहा था कि सोना 1-1.25 लाख रुपये का स्तर देख सकता है, हालांकि, ये तब दिखने की उम्मीद है, जब अमेरिकी 10-वर्षीय बॉन्ड यील्ड में और तेजी आए.