दिल्ली के सरकारी स्कूलों में दाखिला होगा आसान, QR कोड से होगा रजिस्ट्रेशन
दिल्ली नगर निगम का बड़ा फैसला, अब घर बैठे बच्चों का स्कूल में दाखिला
नई दिल्ली: दिल्ली नगर निगम (MCD) के स्कूलों में बच्चों का दाखिला आसान बनाने और शिक्षा व्यवस्था को बेहतर करने के लिए शिक्षा समिति ने कई महत्वपूर्ण फैसले लिए हैं। अब निगम के प्रत्येक स्कूल के बाहर क्यूआर कोड लगाया जाएगा, जिसे स्कैन कर अभिभावक घर बैठे अपने बच्चों के दाखिले के लिए पंजीकरण करा सकेंगे। इसके अलावा स्कूलों में सुरक्षा और सफाई व्यवस्था मजबूत करने के लिए करीब 3,000 सफाईकर्मियों और चौकीदारों की भर्ती प्रक्रिया तेज करने के निर्देश दिए गए हैं।
बुधवार को शिक्षा समिति के अध्यक्ष योगेश वर्मा एडवोकेट की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में विद्यार्थियों की घटती संख्या और दाखिला प्रक्रिया की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने एक से 15 नवंबर तक की दाखिला रिपोर्ट प्रस्तुत की। समिति ने निर्देश दिए कि क्यूआर कोड के माध्यम से आवेदन करने वाले अभिभावकों से संबंधित स्कूल के प्रधानाचार्य और शिक्षक संपर्क कर प्रवेश प्रक्रिया पूरी कराएं।
इसके साथ ही निगम के एजु लाइफ पोर्टल पर ऑनलाइन पंजीकरण की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। सिविक सेंटर में नियुक्त नोडल अधिकारी प्राप्त आवेदनों को नजदीकी स्कूलों तक पहुंचाएगा।
शिक्षा समिति ने करीब 3,000 सफाईकर्मियों और चौकीदारों की भर्ती से जुड़ी फाइल एक सप्ताह में आगे बढ़ाने तथा लंबे समय से कार्यरत चौकीदारों के नियमितीकरण की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए।
स्वच्छता अभियान के पहले चरण में 250 निगम स्कूलों का चयन किया गया है। इन विद्यालयों में सफाई और कूड़ा निस्तारण की व्यवस्था मजबूत की जाएगी। स्कूलों के पार्कों और खेल मैदानों के रखरखाव के लिए भी प्रस्ताव तैयार करने को कहा गया है।
इसके अलावा स्कूलों में मरम्मत और निर्माण कार्यों की पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए संबंधित प्रधानाचार्य को कार्यादेश उपलब्ध कराना अनिवार्य होगा। काम पूरा होने के बाद प्रधानाचार्य से अनापत्ति प्रमाणपत्र लिया जाएगा।
समिति अध्यक्ष योगेश वर्मा ने अधिकारियों को सभी निर्णयों पर समयबद्ध कार्रवाई करने और नियमित प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।