New Delhi: दिल्ली दवा घोटाला मामला गरमाया, अहम फाइलें गायब होने का आरोप
दिल्ली दवा घोटाला: फाइल गायब होने के आरोपों से बढ़ी सियासी हलचल
नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी (आआपा) के दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने दिल्ली सरकार पर 650 करोड़ रुपये के कथित स्वास्थ्य घोटाले से जुड़ी महत्वपूर्ण फाइलें गायब होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि दवाइयों, बेडशीट, ओआरएस, एक्स-रे मशीनों और अन्य चिकित्सा उपकरणों की खरीद से संबंधित टेंडर, सप्लाई ऑर्डर, वर्क ऑर्डर और वितरण का रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं है।
भारद्वाज ने मंगलवार को एक बयान में दावा किया कि दिल्ली सरकार के दफ्तरों में 24 घंटे सीसीटीवी निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था रहती है। ऐसे में फाइलों का गायब होना गंभीर सवाल खड़े करता है। उन्होंने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता से पूछा कि ये फाइलें आखिर कैसे गायब हो गईं।
आआपा नेता ने आरोप लगाया कि स्वास्थ्य उपकरणों और सामग्री की खरीद में भारी अनियमितताएं हुईं। उन्होंने कहा कि 10–11 लाख रुपये की एक्स-रे मशीनें 30–32 लाख रुपये में खरीदी गईं, 50 लाख ओआरएस पैकेट ऊंची कीमतों पर खरीदे गए, 16 लाख से अधिक बेडशीट करीब 75 करोड़ रुपये में खरीदी गईं और 100 करोड़ रुपये की दवाइयों की खरीद 400 करोड़ रुपये में की गई।