संसद में विपक्ष का प्रदर्शन, NEET पेपर लीक मुद्दे पर सरकार घिरी

Update: 2026-07-23 11:27 GMT

नई दिल्ली  : संसद के मानसून सत्र का चौथा दिन भी हंगामे की भेंट चढ़ गया। NEET-UG पेपर लीक, छात्रों पर पुलिस कार्रवाई और दल-बदल विरोधी कानून जैसे मुद्दों को लेकर विपक्षी दलों ने लोकसभा और राज्यसभा में जमकर विरोध प्रदर्शन किया। लगातार नारेबाजी और हंगामे के कारण दोनों सदनों की कार्यवाही सुचारू रूप से नहीं चल सकी और कई बार स्थगित करनी पड़ी। आखिरकार दोनों सदनों की कार्यवाही पूरे दिन के लिए स्थगित कर दी गई।

गुरुवार को संसद की कार्यवाही शुरू होते ही विपक्षी सांसदों ने NEET पेपर लीक मामले और छात्रों के प्रदर्शन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई को लेकर सरकार के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। विपक्ष लगातार शिक्षा मंत्री के इस्तीफे और मामले पर विस्तृत चर्चा की मांग कर रहा था। हंगामे के बीच लोकसभा की कार्यवाही पहले दोपहर 12 बजे तक स्थगित की गई। इसके बाद दोबारा कार्यवाही शुरू हुई, लेकिन विपक्ष का विरोध जारी रहा, जिसके चलते सदन को दो बजे तक के लिए फिर स्थगित करना पड़ा।

दोपहर दो बजे जब लोकसभा की कार्यवाही दोबारा शुरू हुई तो भी सदन में हंगामा शांत नहीं हुआ। विपक्षी सांसद अपनी मांगों को लेकर नारेबाजी करते रहे, जिसके बाद लोकसभा अध्यक्ष ने कार्यवाही पूरे दिन के लिए स्थगित कर दी। इसी तरह राज्यसभा में भी लगातार हंगामे के चलते पहले 12 बजे, फिर दो बजे और बाद में तीन बजे तक कार्यवाही स्थगित करनी पड़ी। तीन बजे शुरू हुई बैठक में भी जब स्थिति सामान्य नहीं हुई तो राज्यसभा की कार्यवाही भी पूरे दिन के लिए स्थगित कर दी गई।

संसद के अंदर जारी गतिरोध का असर बाहर भी देखने को मिला। संसद परिसर का मकर द्वार गुरुवार को राजनीतिक टकराव का केंद्र बन गया। यहां इंडिया ब्लॉक और राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) के सांसद अलग-अलग मुद्दों को लेकर आमने-सामने आ गए और जमकर नारेबाजी की। दोनों पक्षों के बीच स्थिति उस समय तनावपूर्ण हो गई जब पोस्टर खींचने और धक्का-मुक्की जैसी स्थिति बन गई। हालात बिगड़ते देख संसद सुरक्षाकर्मियों ने हस्तक्षेप किया और दोनों गुटों के बीच मानव श्रृंखला बनाकर उन्हें अलग किया।

दूसरी ओर, NDA सांसदों ने भी संसद परिसर में प्रदर्शन किया। भाजपा समेत गठबंधन दलों के सांसदों ने सुबह करीब 10:30 बजे मकर द्वार पर प्रदर्शन किया। यह प्रदर्शन कांग्रेस नेता राहुल गांधी और समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा प्रधानमंत्री आवास के बाहर किए गए धरने के विरोध में आयोजित किया गया था।

भाजपा सांसदों ने विपक्ष पर संसद की कार्यवाही बाधित करने का आरोप लगाया। भाजपा नेताओं ने कहा कि विपक्ष अपनी संवैधानिक जिम्मेदारियों से पीछे हट रहा है और केवल राजनीतिक विरोध के लिए संसद को बाधित कर रहा है।

प्रदर्शन के दौरान उस समय तनाव बढ़ गया जब माकपा सांसद जॉन ब्रिटास को भाजपा नेता अरुण सिंह के हाथ से प्रदर्शन का पोस्टर खींचते हुए देखा गया। इसके बाद दोनों पक्षों के सांसद आमने-सामने आ गए और तीखी बहस शुरू हो गई। इस दौरान कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा और भाजपा नेताओं के बीच भी नारेबाजी हुई।

संसद में लगातार बढ़ते राजनीतिक टकराव के बीच सरकार और विपक्ष के बीच गतिरोध खत्म होने के संकेत फिलहाल नहीं दिख रहे हैं। विपक्ष जहां NEET मामले पर सरकार से जवाब मांग रहा है, वहीं सत्ता पक्ष विपक्ष पर संसद की कार्यवाही बाधित करने का आरोप लगा रहा है। मानसून सत्र के आने वाले दिनों में भी यह मुद्दा संसद में गर्म रहने की संभावना है।

Tags:    

Similar News