जहानाबाद में दिल दहला देने वाली वारदात, भाभी की हत्या कर पेड़ पर टांगा सिर
बिहार: जहानाबाद जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां मामूली विवाद ने एक रिश्ते को खून से रंग दिया। परस बीघा थाना क्षेत्र के इमादपुर गांव में एक देवर ने अपनी 22 वर्षीय भाभी की चारा काटने वाली कटारी से निर्मम हत्या कर दी। आरोप है कि विवाद के बाद आरोपी ने भाभी का सिर धड़ से अलग कर दिया और उसे गांव के आंगनबाड़ी केंद्र के पास स्थित बरगद के पेड़ पर टांग दिया। इस भयावह घटना के बाद पूरे गांव में दहशत फैल गई।
घटना बुधवार सुबह की बताई जा रही है। मृतका की पहचान अंशु कुमारी के रूप में हुई है, जिसकी शादी करीब एक वर्ष पहले धर्मेंद्र कुमार से हुई थी। घटना के समय मृतका का पति और उसके सास-ससुर खेत में काम करने गए हुए थे। घर पर अंशु कुमारी अकेली खाना बना रही थी।
पुलिस के अनुसार, इसी दौरान मृतका का देवर कुणाल घर पहुंचा और उसने खाना मांगा। अंशु ने उसे खाना परोस दिया, लेकिन हाथ धोकर खाना नहीं परोसने की बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। देखते ही देखते मामूली विवाद इतना बढ़ गया कि कुणाल ने आपा खो दिया और पास में रखी चारा काटने वाली कटारी से भाभी पर हमला कर दिया।
हमले में अंशु की मौके पर ही मौत हो गई। आरोप है कि आरोपी ने वारदात को अंजाम देने के बाद भाभी का सिर धड़ से अलग कर दिया। इसके बाद वह सिर को हाथ में लेकर घर से बाहर निकला और गांव स्थित आंगनबाड़ी केंद्र के समीप बरगद के पेड़ पर टांग दिया। इस वीभत्स घटना को देखकर ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई।
ग्रामीणों ने जब आरोपी की इस हरकत को देखा तो इलाके में हड़कंप मच गया। लोगों के शोर मचाने के बाद आरोपी ने सिर को वापस घटनास्थल के पास रख दिया और वहीं बैठ गया। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई।
सूचना मिलते ही परस बीघा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। इंस्पेक्टर सर्वनारायण के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपी कुणाल को घटनास्थल से ही गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल की गई कटारी भी बरामद कर ली है।
मृतका के पति धर्मेंद्र कुमार ने पुलिस को बताया कि घटना के समय वह खेत में धान का बिचड़ा उखाड़ने गए हुए थे। उन्हें इस विवाद और हत्या की कोई जानकारी नहीं थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
घटना की जानकारी मृतका के मायके अरवल जिले के मानिकपुर थाना क्षेत्र के गोनपुरा गांव में दी गई। सूचना मिलते ही अंशु की मां और अन्य परिजन इमादपुर गांव पहुंचे। परिजनों ने बताया कि अंशु की शादी को अभी सिर्फ एक साल ही हुआ था।
ग्रामीणों ने बताया कि आरोपी कुणाल पुलिस बहाली की तैयारी करता था और रोज सुबह दौड़ लगाने जाता था। हालांकि, कुछ ग्रामीणों ने उसके नशे की आदत होने की बात भी कही है। पुलिस इन सभी पहलुओं की जांच कर रही है और हत्या के पीछे के वास्तविक कारणों का पता लगाने में जुटी है।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल की टीम भी मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए। टीम ने घटनास्थल से कई नमूने एकत्र किए हैं। इसके अलावा बरगद के पेड़ की उस टहनी को भी काटकर जांच के लिए ले जाया गया है, जिस पर खून के निशान मिले थे।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है और मामले में सभी पहलुओं की जांच की जाएगी। प्रारंभिक जांच में मामूली विवाद को हत्या की वजह बताया जा रहा है, लेकिन पुलिस आरोपी के मानसिक स्थिति, पारिवारिक विवाद और अन्य कारणों की भी पड़ताल कर रही है।
इस घटना ने पूरे इमादपुर गांव को झकझोर कर रख दिया है। ग्रामीणों का कहना है कि इतनी छोटी बात पर किसी व्यक्ति द्वारा इतना खौफनाक कदम उठाना बेहद भयावह है। फिलहाल पुलिस आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई में जुटी हुई है।