सारण: बिहार के सारण जिले में शिव चर्चा करने वाले 37 वर्षीय रवि प्रकाश की गोली मारकर हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। शुक्रवार, 30 अक्टूबर की सुबह मशरक थाना क्षेत्र के सेरूकहा गांव में सड़क किनारे निर्माण कार्य के लिए रखी ईंटों के पास उनका शव मिला। स्थानीय रिपोर्ट के अनुसार, उनकी कनपटी में गोली मारी गई थी। हत्या की वजह अभी स्पष्ट नहीं है। 
सुबह गोबर फेंकने निकली महिलाओं ने शव देखा और आसपास के लोगों को जानकारी दी। पहचान होने के बाद पुलिस को सूचना दी गई। डीएसपी संजय कुमार सुधांशु, इंस्पेक्टर इंद्रजीत महतो और थानाध्यक्ष उज्ज्वल कुमार पुलिस बल के साथ पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और लोगों से पूछताछ की। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई। डीएसपी के अनुसार, वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाने के लिए एफएसएल टीम बुलाई गई है। पुलिस हमलावरों की पहचान और हत्या के कारणों का पता लगा रही है। रवि प्रकाश शिव चर्चा के साथ धरमासती बाजार में आरती भी करते थे। उनकी पत्नी का करीब चार वर्ष पहले निधन हो गया था। दो पुत्रों और एक पुत्री की जिम्मेदारी वह संभाल रहे थे। उनकी मौत से परिवार में शोक है।
Tags: