Balrampur. बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले के विजयनगर गांव में शनिवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया, जहां नदी में नहाने के दौरान 12 वर्षीय बालक की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक की पहचान विनोद यादव उर्फ डिंपल (12) के रूप में हुई है, जो अतिथि शिक्षक शिवलाल यादव का पुत्र था।
दोस्तों के साथ नहाने गया था नदी में
जानकारी के अनुसार, शनिवार दोपहर विनोद अपने दो दोस्तों के साथ घर से लगभग 200 मीटर दूर स्थित बाकी नदी में नहाने गया था। नहाते समय वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। उसके साथ मौजूद एक साथी ने उसे बचाने की कोशिश भी की, लेकिन उसका हाथ छूट गया और वह पानी में समा गया।
ग्रामीणों ने की तलाश, आधे घंटे बाद मिला शव
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीण पवन यादव ने करीब 12 फीट गहरे पानी में उतरकर लगभग आधे घंटे तक तलाश की, जिसके बाद बालक का शव नदी से बाहर निकाला गया। घटना के बाद गांव में मातम पसर गया और परिवार के लोग गहरे सदमे में हैं।
पुलिस ने शुरू की जांच
सूचना मिलने पर विजयनगर चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद स्थानीय लोगों से अपील की जा रही है कि बारिश और नदी-नालों के बढ़े जलस्तर के दौरान बच्चों को पानी के गहरे स्थानों से दूर रखा जाए ताकि ऐसे हादसों से बचा जा सके।