IPL सट्टा नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई, बैंक खाते बेचने वाला आरोपी गिरफ्तार
छग
Bhilai. भिलाई। ऑनलाइन आईपीएल सट्टा और म्यूल अकाउंट के जरिए चल रहे नेटवर्क पर भिलाई पुलिस ने एक और बड़ी सफलता हासिल की है। सुपेला थाना पुलिस ने फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जो सट्टा गिरोह को बैंक खाते, पासबुक, एटीएम कार्ड और अन्य बैंकिंग दस्तावेज उपलब्ध कराता था। आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। इस कार्रवाई के बाद इस पूरे मामले में अब तक कुल 5 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है।
पुलिस के अनुसार, यह पूरा मामला ऑनलाइन सट्टा और अवैध बैंकिंग ट्रांजेक्शन से जुड़ा हुआ है। जांच में सामने आया है कि आरोपी अपने और अन्य लोगों के बैंक खाते, पासबुक, एटीएम कार्ड और पहचान दस्तावेज सट्टा गिरोह को बेचता था। इन खातों का उपयोग आईपीएल सट्टा और साइबर फ्रॉड के पैसों के लेन-देन में किया जाता था। मामले की शुरुआत 24 मई 2026 को हुई थी, जब मुखबिर से सूचना मिली कि कुछ लोग सुपेला क्षेत्र में बैंक खाते और संबंधित दस्तावेज बेचने आने वाले हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने पांच रास्ता हनुमान मंदिर ओवरब्रिज के पास घेराबंदी की और तीन लोगों को पकड़ा था। पूछताछ में कई अहम खुलासे हुए थे, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की गई।
जांच में यह भी सामने आया कि यह नेटवर्क म्यूल अकाउंट सिस्टम के जरिए काम कर रहा था, जिसमें फर्जी या बेचे गए बैंक खातों का उपयोग अवैध लेन-देन के लिए किया जाता है। पुलिस ने मौके से कई बैंक पासबुक, एटीएम कार्ड, आधार कार्ड और अन्य दस्तावेज पहले ही जब्त कर लिए थे। फरार आरोपी की पहचान उतई के आदर्श नगर निवासी दुलेश्वर कुमार के रूप में हुई, जिसे अब गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस का कहना है कि यह गिरफ्तारी इस नेटवर्क को तोड़ने में महत्वपूर्ण कदम है। फिलहाल पुलिस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि इन खातों के जरिए कितनी रकम का लेन-देन हुआ है तथा इस गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।