बलौदाबाजार में 16 यात्री घायल, नेशनल हाईवे में बस-ट्रक की हुई भिड़ंत

Update: 2026-07-25 04:34 GMT

बलौदाबाजार। जिले के सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सकरी के पास देर रात नेशनल हाईवे-130B पर एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। रायपुर से बलौदा बाजार आ रही एक यात्री बस और सामने से आ रहे ट्रक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे के बाद बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई।

दुर्घटना की सूचना मिलते ही बलौदा बाजार पुलिस, डायल-112 और पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची तथा तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। बस में सवार महिला, बच्चे और अन्य यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया गया। हादसे में 16 से अधिक यात्री घायल हुए हैं। इनमें से अधिकांश को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई, जबकि 3 यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है। उनका जिला अस्पताल में इलाज जारी है।

यह हादसा एक बार फिर रायपुर-बलौदा बाजार मार्ग की बदहाल यातायात व्यवस्था और बढ़ते ट्रैफिक दबाव को उजागर करता है। रायपुर से सारंगढ़ तक यह मार्ग भारी वाहनों, यात्री बसों और निजी वाहनों के कारण अत्यधिक व्यस्त रहता है। वर्तमान में सड़क इतनी संकरी हो गई है कि आमने-सामने से दो बड़े वाहन निकलने के दौरान ओवरटेक करना बेहद जोखिमभरा साबित होता है।


Tags:    

Similar News