जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले के ग्राम खोखरा में 15 हजार रुपये के उधार लेनदेन को लेकर हुए विवाद में एक युवक की हत्या कर दी गई। मामले में सिटी कोतवाली पुलिस ने आरोपी इतवारी सूर्यवंशी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका एक साथी फरार है। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस के मुताबिक, 19 नवंबर को कमल सूर्यवंशी ने सिटी कोतवाली थाने में अपने भाई देवनारायण सूर्यवंशी की हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि 17 नवंबर की रात करीब दस बजे ग्राम खोखरा में देवनारायण, इतवारी सूर्यवंशी और उसका एक अन्य साथी साथ बैठकर शराब पी रहे थे।
इसी दौरान 15 हजार रुपये के उधार लेनदेन को लेकर उनके बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने कथित रूप से देवनारायण पर पत्थर से हमला कर दिया। हमले में गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर सिटी कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वॉड को भी घटनास्थल पर बुलाया गया। जांच टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
पुलिस ने जांच के आधार पर कार्रवाई करते हुए इतवारी सूर्यवंशी को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने उधार के पैसों को लेकर देवनारायण से विवाद और मारपीट करने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने वारदात से संबंधित कंक्रीट का पत्थर भी जब्त किया है। इसके साथ ही मामले में शामिल दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तलाश जारी है। महज 15 हजार रुपये के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में युवक की जान चली गई। फिलहाल सिटी कोतवाली पुलिस पूरे घटनाक्रम से जुड़े साक्ष्यों और दूसरे आरोपी की भूमिका की जांच कर रही है।
Tags: