रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में अवैध गतिविधियों के खिलाफ संचालित ‘ऑपरेशन अंकुश’ के तहत पुलिस ने देह व्यापार के मामले में बड़ी कार्रवाई की है। केलो विहार स्थित एक किराये के मकान में दबिश देकर पुलिस ने देह व्यापार संचालित करने के आरोप में 52 वर्षीय गोविंद साहू को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, 18 नवंबर को मुखबिर से अवैध गतिविधियों के संचालन की सूचना मिली थी। एसएसपी शशि मोहन सिंह के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन में सीएसपी राहुल उईके के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
पुलिस टीम ने संबंधित मकान में दबिश दी। कार्रवाई के दौरान मौके पर गोविंद साहू और एक युवती मिली। पूछताछ के आधार पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से दो हजार रुपये नकद और एक मोबाइल फोन जब्त किया है। गिरफ्तार आरोपी गोविंद साहू बोईरदादर विजयपुर का निवासी बताया गया है। उसके खिलाफ चक्रधरनगर थाने में अनैतिक देह व्यापार (निवारण) अधिनियम, 1956 की धारा 3, 4, 5 और 7 के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि जिले में अवैध गतिविधियों और महिलाओं के शोषण में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने नागरिकों से संदिग्ध गतिविधियों की सूचना पुलिस को देने की अपील करते हुए कहा कि सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखी जाएगी। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
Tags: