वोटर लिस्ट में नाम जुड़वाने या सुधारने का सुनहरा मौका, जिले के सभी मतदान केंद्रों पर सूची जारी
राजनीतिक दलों को सौंपी गई कॉपी
खैरागढ़ : भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार खैरागढ़-छुईखदान-गंडई (KCG) जिले में फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) अभियान की शुरुआत हो गई है। इस कड़ी में गुरुवार को जिले के सभी 410 मतदान केंद्रों पर मतदाता सूची का प्रारंभिक प्रकाशन कर दिया गया। अर्हता तिथि 1 जनवरी 2027 को आधार मानकर तैयार की गई इस सूची के प्रकाशन के साथ ही आम नागरिकों के लिए नाम जुड़वाने, कटवाने या संशोधन कराने का रास्ता खुल गया है।
दोनों विधानसभा क्षेत्रों के सभी बूथों पर चस्पा हुई सूची
उप जिला निर्वाचन अधिकारी सुरेन्द्र कुमार ठाकुर ने जानकारी दी कि गुरुवार सुबह 11 बजे तक विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 73 (खैरागढ़) के सभी 304 मतदान केंद्रों और विधानसभा क्षेत्र क्रमांक 74 (डोंगरगढ़) के जिले अंतर्गत आने वाले 106 मतदान केंद्रों पर प्रारंभिक मतदाता सूची के प्रकाशन की प्रक्रिया पूरी कर ली गई।
जिले में कुल 2.91 लाख से अधिक मतदाता दर्ज
प्रारंभिक प्रकाशन के आंकड़ों के मुताबिक, जिले में कुल 2 लाख 91 हजार 415 मतदाता पंजीकृत हैं। विधानसभावार आंकड़ों पर नजर डालें तो- खैरागढ़ विधानसभा क्षेत्र: यहां कुल 2,19,825 मतदाता दर्ज हैं, जिनमें 1,10,483 पुरुष और 1,09,342 महिला मतदाता शामिल हैं। डोंगरगढ़ विधानसभा क्षेत्र (आंशिक भाग): जिले में शामिल इस क्षेत्र में कुल 71,590 मतदाता हैं, जिनमें 36,486 पुरुष और 35,104 महिला मतदाता पंजीकृत हैं।
राजनीतिक दलों के साथ बैठक, सौंपी गई सूची की प्रतियां
मतदाता सूची के प्रकाशन के तुरंत बाद सुबह 11:30 बजे जिला स्तर पर मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की एक अहम बैठक आयोजित की गई। बैठक में निर्वाचन अधिकारियों ने विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम की रूपरेखा और दावे-आपत्तियों की प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी दी। पारदर्शिता बनाए रखने के उद्देश्य से सभी राजनीतिक दलों के पदाधिकारियों को फोटोयुक्त मतदाता सूची की एक-एक प्रिंटेड कॉपी और फोटो रहित सॉफ्टकॉपी (CD के माध्यम से) निःशुल्क उपलब्ध कराई गई।