रायपुर: आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह आज छत्तीसगढ़ के गरियाबंद जिले के दौरे पर रहेंगे. वे विश्व आदिवासी दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शामिल होंगे. संजय सिंह सुबह 9:30 बजे नवा रायपुर स्थित सर्किट हाउस से गरियाबंद के लिए रवाना होंगे. पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारी भी उनके साथ गरियाबंद जाएंगे. वे कृषि उपज मंडी में आयोजित सभा को भी संबोधित करेंगे.
इस अवसर पर आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रभारी, दिल्ली के पूर्व मंत्री एवं वर्तमान विधायक मुकेश अहलावत भी मौजूद रहेंगे। इसके साथ ही छत्तीसगढ़ आप के सभी पदाधिकारी और आदिवासी समाज के प्रतिनिधि इस कार्यक्रम में शामिल होंगे। इस संबंध में आम आदमी पार्टी छत्तीसगढ़ ने बताया कि यह कार्यक्रम केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि आदिवासी समाज की आवाज को बुलंद करने का मंच है। राज्य स्तरीय इस कार्यक्रम में आदिवासी समाज के जल, जंगल और जमीन पर आदिवासियों का हक छीनने की साजिश और उनके प्रमुख मुद्दों, समस्याओं और लंबित मांगों पर चर्चा होगी। आम आदमी पार्टी ने प्रदेश के सभी वर्गों से इस कार्यक्रम में शामिल होकर आदिवासी समाज के अधिकारों की लड़ाई को मजबूत करने की अपील की है।