Raigarh. रायगढ़। जिले में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (PDS) के खाद्यान्न में कथित गड़बड़ी और शासकीय राशन के गबन से जुड़े मामलों में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। धरमजयगढ़ विकासखंड के ग्राम ससकोबा स्थित शासकीय उचित मूल्य दुकान के मामले में फरार चल रहे विक्रेता बिहारी राठिया को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस के अनुसार, धरमजयगढ़ तहसील के ग्राम ससकोबा स्थित उचित मूल्य दुकान क्रमांक 412009078 की खाद्य विभाग ने 3 सितंबर 2026 को जांच की थी। जांच के दौरान दुकान के रिकॉर्ड और उपलब्ध खाद्यान्न का मिलान करने पर बड़ी मात्रा में चावल, शक्कर और नमक की कमी सामने आई थी।
जांच में 499.65 क्विंटल चावल, 5.37 क्विंटल शक्कर और 8.03 क्विंटल नमक कम पाया गया। इस खाद्यान्न की कुल कीमत करीब 12 लाख 89 हजार 375 रुपये आंकी गई। खाद्य विभाग की जांच में अगस्त महीने में हितग्राहियों से ई-पॉस मशीन पर फिंगर लगवाने के बावजूद राशन का वितरण नहीं किए जाने की बात भी सामने आई थी। मामले की जांच के बाद सरोज स्व सहायता समूह की अध्यक्ष उमाबाई राठिया, सचिव माधुरी बाई राठिया और उचित मूल्य दुकान के विक्रेता बिहारी राठिया के खिलाफ चौकी रैरूमाखुर्द में अपराध दर्ज किया गया। पुलिस ने अपराध क्रमांक 288/2026 के तहत आवश्यक वस्तु अधिनियम की धारा 3 और 7 में मामला पंजीबद्ध कर जांच शुरू की।
पुलिस ने इस मामले में 12 सितंबर 2026 को उमाबाई राठिया और माधुरी बाई राठिया को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया था, जहां से दोनों को रिमांड पर भेज दिया गया। वहीं, दुकान का विक्रेता बिहारी राठिया फरार चल रहा था। पुलिस उसकी लगातार तलाश कर रही थी। चौकी प्रभारी रैरूमाखुर्द उप निरीक्षक इगेश्वर यादव ने फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए मुखबिरों को सक्रिय किया था। इसी दौरान 22 सितंबर को पुलिस को सूचना मिली कि बिहारी राठिया धरमजयगढ़ से बस में बैठकर अपने गांव की ओर आ रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने गांधी प्रतिमा चौक रैरूमाखुर्द के पास घेराबंदी की और आरोपी को पकड़ लिया।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ के दौरान आरोपी ने ससकोबा उचित मूल्य दुकान में फरवरी से अगस्त 2026 के बीच चावल, शक्कर और नमक के वितरण में गड़बड़ी की बात स्वीकार की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चार रजिस्टर भी जब्त किए हैं। इन रजिस्टरों की जांच कर खाद्यान्न के आवंटन और वितरण से जुड़े रिकॉर्ड का मिलान किया जा रहा है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बिहारी राठिया पिता बृक्ष सिंह राठिया, उम्र 32 वर्ष, निवासी ससकोबा जूनापारा, चौकी रैरूमाखुर्द थाना धरमजयगढ़ के रूप में हुई है। आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया। इधर, ग्राम गनपतपुर की शासकीय उचित मूल्य दुकान में भी खाद्य विभाग की जांच के दौरान खाद्यान्न की कमी सामने आने के बाद अलग प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस दोनों मामलों में रिकॉर्ड और संबंधित लोगों की भूमिका की जांच कर रही है। PDS खाद्यान्न से जुड़े इन मामलों में पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आवंटित राशन का वास्तविक वितरण कितना हुआ और रिकॉर्ड में दर्ज मात्रा तथा उपलब्ध स्टॉक में अंतर कैसे आया। जांच पूरी होने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Tags: