रायपुर: राजधानी के वीआईपी रोड स्थित FTV क्लब में शनिवार देर रात एक हादसा हो गया। क्लब परिसर में अचानक लोहे की रेलिंग गिर जाने से वहां मौजूद एक युवक घायल हो गया। हादसे में युवक के दोनों हाथों की कलाइयों में गंभीर चोटें आई हैं।
मिली जानकारी के अनुसार, श्रीराम नगर फेस-01 के निवासी विकास अग्रवाल शनिवार देर रात अपने दोस्तों के साथ वीआईपी रोड स्थित FTV क्लब में खाना खाने और पार्टी करने पहुंचे थे। पार्टी के दौरान क्लब की एक लोहे की रेलिंग अचानक टूटकर गिर गई, जिसकी चपेट में आने से विकास अग्रवाल घायल हो गए।
हादसे के बाद पीड़ित विकास अग्रवाल ने मामले की शिकायत पुलिस में दर्ज कराई है। पीड़िता की शिकायत के आधार पर तेलीबांधा थाना पुलिस ने FTV क्लब के संचालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस क्लब प्रबंधन की लापरवाही और सुरक्षा मानकों की जांच कर रही है।