गुरुग्राम में AI इंजीनियर ने महिला मित्र की चाकू मारकर हत्या की, फिर ट्रेन के आगे कूदकर दी जान
छग
Gurugram/Bhilai. गुरुग्राम/भिलाई। हरियाणा के गुरुग्राम में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक नामी कंपनी में कार्यरत आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) इंजीनियर ने अपनी महिला मित्र की कथित तौर पर चाकू से गोदकर हत्या कर दी। इसके बाद आरोपी ने रेलवे ट्रैक पर ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली। इस दोहरे घटनाक्रम से इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस ने दोनों मामलों की जांच शुरू कर दी है और हत्या के पीछे के कारणों का पता लगाने में जुटी है। जानकारी के अनुसार, मृतक युवक की पहचान श्रेष्ठ मलिक (25) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले के भिलाई का रहने वाला था। वह गुरुग्राम के सेक्टर-59 स्थित ऑप्टम ग्लोबल सॉल्यूशंस में AI इंजीनियर के पद पर कार्यरत था। वहीं मृतका की पहचान उत्तर प्रदेश निवासी इशाका के रूप में हुई है, जो गुरुग्राम के सेक्टर-55 स्थित एक किराए के मकान में रहती थी।
घटना का खुलासा उस समय हुआ जब इशाका ने लंबे समय तक अपने परिजनों का फोन नहीं उठाया। कई बार संपर्क करने के बावजूद जवाब नहीं मिलने पर परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद उन्होंने सेक्टर-56 थाना पुलिस को सूचना दी और युवती के पते की जानकारी दी। सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। कमरे का दरवाजा बंद था, जिसे खोलने पर अंदर का दृश्य बेहद भयावह था। कमरे के फर्श पर इशाका का खून से लथपथ शव पड़ा मिला। प्रथम दृष्टया पुलिस को मामला धारदार हथियार से हत्या का लगा। इसके बाद एफएसएल टीम को बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए गए।
इसी दौरान राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) को रेलवे ट्रैक पर एक युवक का शव मिलने की सूचना मिली। जांच में उसकी पहचान श्रेष्ठ मलिक के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार, 11 जुलाई को उसने ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या की थी। ट्रेन की चपेट में आने से उसका शव दो हिस्सों में बंट गया था। उसके पास मिले मोबाइल फोन और अन्य दस्तावेजों के आधार पर उसकी पहचान की गई। पुलिस की प्रारंभिक जांच और आसपास के लोगों से पूछताछ में सामने आया है कि वारदात से पहले श्रेष्ठ मलिक इशाका के कमरे पर आया था। आशंका जताई जा रही है कि दोनों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद श्रेष्ठ ने गुस्से में आकर युवती पर चाकू से कई वार कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद उसने खुद भी आत्मघाती कदम उठा लिया। हालांकि, पुलिस ने अभी हत्या के कारणों की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
सेक्टर-56 थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि युवती के शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है और उसके परिजनों को सूचना दे दी गई है। वहीं जीआरपी थाना प्रभारी राजपाल ने बताया कि श्रेष्ठ मलिक के शव का पोस्टमार्टम कराकर उसे परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस अब दोनों के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR), चैट हिस्ट्री और सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद ही हत्या और आत्महत्या के पीछे की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।